इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा अनऑफिशियल वनडे मुकाबला पुडुचेरी के सिचम ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 49.5 ओवर में 275 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इस मैच में सैम कोंस्टास ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। वहीं जोश फिलिप ने भी 58 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से अरशद खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। अब देखना ये होगा कि भारतीय टीम 276 रन के इस टारगेट को हासिल कर पाती है या नहीं।
पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ए ने इंडिया ए को 125 रनों से मात दी थी। दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया अच्छा प्रदर्शन करके वापसी करने की कोशिश करेगी। इस मैच के लिए इंडिया ए की टीम ने प्लेइंग XI में एक बदलाव किया है। प्रभसिमरन चोट की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं, उनकी जगह कुमार कुशाग्र को प्लेइंग XI में जगह मिली है।
ऑस्ट्रेलिया के दो बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले विकेट के लिए मिचेल ओवन और सैम कोंस्टास के बीच 32 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए जोश फिलिप ने 58 रन की पारी खेली। कोंस्टास इस मैच में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 88 गेंदों में 7 चौके और एक छक्का की मदद से 67 रन बनाए। कप्तान नाथन मैक्स्वीनी ने 39 बॉल पर 32 रन बनाए। लालचान शॉ ने 29 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस मैच में पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई। भारत की तरफ से गेंदबाजी में अरशद खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं यश ठाकुर को 2 विकेट मिली।
टॉस के वक्त ऋतुराज गायकवाड़ ने क्या कहा?
भारतीय कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस के दौरान कहा कि अगर वे टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी ही करते, क्योंकि मौसम सुहावना है और पिच भी सूखी नजर आ रही है। ऐसे में बोर्ड पर पहले रन बनाना फायदेमंद रहता। उन्होंने कहा कि पिछले मैच में टीम ने शुरुआत अच्छी की थी और वे इस मैच में भी उसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे। टीम में बदलाव के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि सिर्फ एक बदलाव किया गया है, जहां प्रभसिमरन सिंह की जगह कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है। गायकवाड़ ने माना कि यह मुकाबला बहुत अहम है, क्योंकि पहला मैच हारने के बाद अब वे मजबूत वापसी करना चाहते हैं।
पहले वनडे में इंडिया ए को मिली 125 रनों से हार
सीरीज के पहले मैच में था। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रन बनाए थे। 275 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 149 रनों पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन मैकस्वीनी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 123 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत उनकी टीम एक मजबूत स्कोर खड़ा कर सकी।
IND vs AUS: दूसरे अनऑफिशियल वनडे मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
इंडिया ए: साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय, अरशद खान, यश ठाकुर
ऑस्ट्रेलिया ए: सैम कोन्स्टास, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), नाथन मैकस्वीनी (कप्तान), लाचलान शॉ, लियाम स्कॉट, निखिल चौधरी, बेन द्वारशुइस, रिले मेरेडिथ, तनवीर सांघा, स्पेंसर जॉनसन