स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज जारी है। सीरीज का आखिरी मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम तीसरे टी20 में अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
इस मुकाबले में सभी को एक बार फिर से अभिषेक शर्मा से तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद होगी। अगर इस मुकाबले में शर्मा का बल्ला चलता है तो उनके निशाने पर चार बड़े रिकॉर्ड होंगे। पहले मैच में उन्होंने 32 गेंदों पर 82 और दूसरे मुकाबले में 19 गेंदों में 39 रन ठोक दिए थे।
गौरतलब है कि, अगर आखिरी मुकाबले में अभिषेक शर्मा अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं तो हिटमैन रोहित शर्मा, शिखर धवन समेत शिवम दुबे का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
खतरे में रोहित का रिकॉर्ड
इस सीरीज में अभिषेक ने पहले टी20 में 7 और दूसरे में 4 छक्के लगाए थे। इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा सिक्स के मामले में रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। आज वह रोहित को पीछे छोड़ सकते हैं।
दुबे रह जाएंगे पीछे
अभिषेक इस सीरीज में 237.25 की स्ट्राइक रेट से 2 मुकाबलों में 121 रन बना चुके हैं। शिवम दुबे के नाम अफगानिस्तान के खिलाफ एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय का रिकॉर्ड है। साल 2024 में खेली गई सीरीज में उन्होंने 124 रन बनाए थे। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अभिषेक शर्मा को 4 रन बनाने होंगे।
टूटेगा धवन का रिकॉर्ड
साल 2024 में डेब्यू करने वाले अभिषेक शर्मा अब तक 58 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। इसके साथ ही 57 पारियों में 190.01 की स्ट्राइक रेट से 1750 रन बना चुके हैं। इस इस प्रारूप में 7वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में छठे नंबर पर शिखर धवन हैं। धवन ने 68 मुकाबलों में 1759 रन बनाए थे। 10 रन बनाते ही अभिषेक धवन को पछाड़ देंगे।
रोहित और राहुल की करेंगे बराबरी
आखिरी मैच में अगर अभिषेक 50 या उससे ज्यादा रन बनाते हैं तो वह अफगानिस्तान के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा टी20 अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बन जाएंगे। उनसे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और शिवम दुबे भी ऐसा कर चुके हैं।