भारत की अंडर 19 टीम ने राजकोट में खेले जा रहे यूथ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त बना ली है. भारत को बढ़त दिलाने में लक्ष्य रायचंदानी का बड़ा रोल है, जिन्होंने एक बार फिर से शतक जड़ दिया है.
लक्ष्य रायचंदानी ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के खिलाफ पहली पारी में शतक ठोका है, जो कि अंडर 19 टेस्ट की पिछली 4 पारियों में उनका तीसरा शतक है.
लक्ष्य रायचंदानी ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ जड़ा शतक
लक्ष्य रायचंदानी ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के खिलाफ अपना शतक 141 गेंदों पर पूरा किया. उन्होंने अपने शतक तक पहुंचने में 12 चौके और 2 छक्के लगाए. लक्ष्य रायचंदानी के अंडर 19 टेस्ट करियर का ये तीसरा शतक है. इन तीन शतकों में से एक दोहरा शतक भी शामिल है. भारत में लक्ष्य रायचंदानी का अंडर 19 टेस्ट में ये पहला शतक है, जो कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा है.
श्रीलंका दौरे पर 3 पारियों में जड़े थे 2 शतक
ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के खिलाफ शतक जमाने से पहले लक्ष्य रायचंदानी ने 2 शतक श्रीलंका दौरे पर भारत की अंडर 19 टीम के लिए यूथ टेस्ट में लगाए थे. उन्होंने इस जुलाई में श्रीलंका दौरे पर खेली 3 में से 2 पारियों में शतक जड़ा था. अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के खिलाफ अपने पहले यूथ टेस्ट में शतक जड़ा है.
भारत की अंडर 19 टीम को पहली पारी में बढ़त
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 की पहली पारी 217 रन पर सिमट गई थी. जवाब में लक्ष्य रायचंदानी के शतक के दम पर भारत ने एक अच्छी लीड हासिल कर ली. भारत की अंडर 19 टीम अपनी पहली पारी में 300 प्लस रन का स्कोर खड़ा करती दिख रही है. 27 सितंबर से शुरू हुए यूथ टेस्ट का अभी दूसरा दिन है. ये टेस्ट 4 दिनी है और 30 सितंबर तक खेला जाना है.
पहली पारी में बढ़त लेने से भारत की मैच पर पकड़ मजबूत हुई है. अब देखना ये है कि इस मजबूत पकड़ को भारत की अंडर 19 टीम जीत में तब्दील कर पाती है या नहीं.