ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के खिलाफ जारी अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के दूसर मुकाबले में भी भारतीय अंडर 19 टीम ने पकड़ मजबूत कर ली है। अहमदाबाद में खेले जा रहे इस मुकाबले की पहली पारी में कंगारू टीम 174 रन पर ढेर हो गई थी।
जवाब में भारतीय टीम ने 315 रन बनाए और 141 रन की बढ़त हासिल की।
भारतीय टीम के लिए कप्तान यशबर्धन चौहान ने अर्धशतक लगाते हुए 83 गेंद पर 52 रन की पारी खेली। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज अभिप्राय बिस्वास ने भी 62 गेंद पर तेजतर्रार 73 रन बनाए। अंत में 10वें नंबर के बल्लेबाज प्रियांशु सिंह ने 30 और गेंदबाजी में 6 विकेट लेने वाले तन्मय बलोदा ने 28 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 315 तक पहुंचाया और बढ़त को मजबूत किया।
इस पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए स्पेंसर ग्रीन ने 28 ओवर में 6 मेडन समेत 110 रन देकर 7 विकेट झटके। उनके अलावा थॉमन वैसियो को 2 और जैकब पीट्ज को 1 विकेट मिला। भारतीय टीम की पारी एक समय लड़खड़ा गई थी। 171 रन पर 4 विकेट के बाद 184 रन पर ही 8 विकेट गिर गए थे। फिर प्रियांशु और तन्मय ने निचले क्रम पर रन बनाते हुए पारी को संभाला।
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में 174 रन पर ही ढेर हो गई थी। भारत के लिए तन्मय बलोदा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके थे और अयान अकरम को दो सफलताएं मिली थीं। इस सीरीज में भारतीय अंडर 19 टीम 1-0 से आगे है। पहला मुकाबला इंडिया अंडर 19 ने पारी और 48 रन से अपने नाम कर लिया था।
ऑस्ट्रेलियाई टीम पर पूरे दौरे में सूपड़ा साफ होने का खतरा
उससे पहले तीन मैचों की अनौपचारिका वनडे सीरीज इंडिया अंडर 19 ने 3-0 से अपने नाम की थी। भारत के इस दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को अब तक एक भी जीत नहीं मिली है। अब सीरीज के आखिरी मुकाबले और दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में भी कंगारू टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा है।
दूसरी पारी में भी 9 रन पर ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ओपनर हेडन बारबुलोविक का विकेट गंवा दिया। अगर इस पारी में टीम 141 रन से कम में सिमटी तो फिर पारी से हार सकती है। फिलहाल भारतीय टीम का पलड़ा भारी है और कंगारू टीम पर पूरी सीरीज में सूपड़ा साफ होने का खतरा मंडरा रहा है।
IND U19 vs AUS U19: तन्मय ने 32 रन देकर झटके 6 विकेट, ऑस्ट्रेलिया 174 रन पर ढेर; भारत की भी खराब शुरुआत
इंडिया अंडर 19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के मौजूदा भारत दौरे पर एक बार फिर कंगारू टीम के ऊपर शिकंजा कसा है। तीन वनडे और पहला अनौपचारिक टेस्ट जीतने के बाद दूसरे टेस्ट के पहले दिन ही ऑस्ट्रेलियाई टीम 174 रन पर सिमट गई।