नवी मुंबई: टी20 विश्व कप 2026 के वॉर्म अप मैच में इंडिया ए के लिए नारायण जगदीशन ने शतक ठोक दिया है। इंडिया ए की टक्कर अमेरिका से हो रही है। टॉस जीतकर अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
सलामी बल्लेबाज करने उतरे नारायण जगदीशन ने 49 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। 11 चौके और 10 छक्कों की मदद से वह शतक तक पहुंचे।
जगदीशन ने अमेरिकी गेंदबाजों की खबर ली
30 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज नारायण जगदीशन ने शुरुआत से ही अमेरिका के गेंदबाजों को प्रेशर में डालकर रखा। शुरुआती 6 गेंद पर उनके सिर्फ 6 रन थे लेकिन तीसरे ओवर में मिलिंद कुमार को लगातार दो चौके मारे। 8वें ओवर में मिलिंद के खिलाफ ही 20 रन बटोरकर जगदीशन ने 27 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अगली 22 गेंदों पर शतक ठोक दिया। वह 55 गेंद पर 104 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पहले खेलते हुए इस मुकाबले में बोर्ड पर 3 विकेट पर 238 रन टांग दिए। आयुष बडोनी ने 26 गेंद पर 60 रन बनाए जबकि तिलक वर्मा ने 38 रनों की पारी खेली।
भारत के लिए नहीं खेल पाए हैं जगदीशन
तमिलनाडु के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले नारायण जगदीशन को अभी तक भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है। उन्हें ऋषभ पंत के चोटिल होने पर पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर में हुई टेस्ट सीरीज में भी वह भारतीय टीम में थे लेकिन अभी तक डेब्यू नहीं हुआ है।
नारायण जगदीशन आईपीएल में केकेआर और सीएसके के लिए खेल चुके हैं। लिस्ट ए क्रिकेट की सबसे बड़ी 277 रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड उनके ही नाम है। हाल में ही खत्म हुई विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 7 मैचों में चार फिफ्टी और एक सेंचुरी लगाई थी।