दोहा: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच मुकाबले में टॉस के दौरान ही विवाद देखने को मिला। मैच रेफरी ने टॉस का गलत नतीजा घोषित कर दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने तुरंत विरोध जताया और मैच रेफरी ने तुरंत अपनी गलती सुधार ली।
यह घटना दोहा में खेले जा रहे मुकाबले के दौरान हुई। भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने सिक्का उछाला, जबकि पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने हेड्स की कॉल की थी।
सिक्का जमीन पर गिरने के बाद मैच अधिकारी ने टेल्स का ऐलान कर दिया। हालांकि, समद ने इस फैसले पर आपत्ति जताई और सिक्के की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यह हेड्स है। अब्दुल समद की बात सही निकली। इसके बाद मैच रेफरी ने दोबारा सिक्के को देखा और अपनी गलती स्वीकार करते हुए पाकिस्तान ए को टॉस का विजेता घोषित किया।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी
फैसला अपने पक्ष में आने के बाद पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पिच थोड़ी सूखी नजर आ रही है और उनकी टीम इस परिस्थिति का फायदा उठाना चाहती है। उन्होंने अपनी टीम के खिलाड़ियों पर भरोसा भी जताया। वहीं भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि उनकी टीम भी टॉस जीतने पर पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी। उन्होंने नेपाल के खिलाफ पिछले मुकाबले में तेज गेंदबाज हर्षित राणा और प्रिंस यादव के प्रदर्शन की तारीफ की।
दोनों कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ
टॉस के दौरान एक और बात चर्चा में रही। भारत और पाकिस्तान के कप्तानों ने एक बार फिर हाथ नहीं मिलाया। पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच क्रिकेट मुकाबलों में नो-हैंडशेक प्रोटोकॉल देखने को मिल रहा है। इस मुकाबले में भी यही सिलसिला जारी रहा। बता दें कि इंडिया ए ने अपने पिछले मुकाबले में नेपाल को 306 रन के बड़े अंतर से हराया था। वहीं पाकिस्तान ए ने यूएई को 61 रन से मात दी थी। ऐसे में दोनों टीमें जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरीं।