ICC रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ी की बड़ी छलांग, 53 पायदान ऊपर हासिल किया नया मुकाम

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्टार स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने मंगलवार (03 नवंबर) को जारी हुई ताजा रैंकिंग में 53 पायदान की बड़ी छलांग लगाई है. भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच हाल ही में तीन मैचों की वनडे सीरीज का समापन हुआ, जिसमें वैष्णवी की तरफ से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली थी.

उन्होंने तीसरे मुकाबले में ‘5 विकेट हॉल लिया’ था. उससे पहले दूसरे मुकाबले में भारतीय स्पिनर ने 4 विकेट अपने खाते में डाले थे.

इस प्रदर्शन के बाद वैष्णवी शर्मा महिला वनडे बॉलिंग रैंकिंग में 53 पायदान की छलांग के साथ 94वें स्थान पर आ गई हैं. उनके पास 267 रेटिंग प्वाइंट्स हैं. 20 साल की वैष्णवी लगातार क्रिकेट जगत में अपना नाम बना रही हैं. धीरे-धीरे वह अपना कद ऊंचा करती जा रही हैं.

3 वनडे खेले

वैष्णवी ने अब तक अपने करियर में सिर्फ 3 वनडे खेले हैं. उन्होंने फरवरी 2026 में वनडे डेब्यू किया था. फॉर्मट की 3 पारियों में गेंदबाजी करते हुए भारतीय स्पिनर ने 9 विकेट अपने खाते में डाल लिए हैं.

टॉप-10 में सिर्फ एक भारतीय गेंदबाज

वनडे महिला गेंदबाजी में अगर टॉप-5 में नजर डालें तो कोई भारतीय खिलाड़ी नजर नहीं आती है. आगे बढ़ते हुए टॉप-10 में सिर्फ एक भारतीय गेंदबाज दीप्ति शर्मा दिखाई देती हैं. दीप्ति 638 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ 8वें पायदान पर हैं. ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग 743 रेटिंग के साथ टॉप पर हैं. इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन दूसरे, ऑस्ट्रेलिया की ऐश्ले गार्डनर तीसरे, ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट चौथे और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड पांचवें पायदान पर हैं.

बैटिंग रैंकिंग में टॉप-10 के अंदर 2 भारतीय खिलाड़ी

महिला वनडे की बैटिंग रैंकिंग में टॉप-10 के अंदर 2 भारतीय खिलाड़ी नजर आती हैं. भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना 762 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर हैं. पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर 676 रेटिंग के साथ 8वें नंबर पर हैं. दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट पहले नंबर पर हैं, जिनकी रेटिंग 782 की है. स्मृति मंधाना दूसरे नंबर पर हैं. वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज तीसरे नंबर पर, ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी चौथे और ऑस्ट्रेलिया की फीबी लिचफील्ड पांचवें नंबर पर हैं.

Leave a Comment