ICC Players of the Month: भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने एक साथ जीता ये अवॉर्ड, हो गया कमाल

ICC Players of the Month: आईसीसी ने फरवरी महीने में बेस्ट परफॉर्मेंस करने वाले खिलाड़ियों को आईसीसी प्लेयर्स ऑफ द मंथ के अवॉर्ड से नवाजा है. इस बार ये अवॉर्ड भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों के मिला है. मेंस क्रिकेट में ये अवॉर्ड पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान को मिला है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाए. वहीं महिला क्रिकेट में ये अवॉर्ड अरुंधति रेड्डी को मिला है. दाएं हाथ की इस तेज गेंदबाज ने फरवरी में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेली गई टी20 सीरीज में कमाल प्रदर्शन किया था.

साहिबजादा फरहान को इसलिए मिला अवॉर्ड

पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन किया था. भले ही उनकी टीम पाकिस्तान सुपर 8 से आगे नहीं बढ़ पाई लेकिन इस बल्लेबाज ने 6 पारियों में 76.6 की औसत से 383 रन बनाए. फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप में 2 शतक भी लगाए थे. उनके बल्ले से 18 छक्के और 37 चौके भी निकले. साहिबजादा का स्ट्राइक रेट भी 160 से ज्यादा का रहा.

अरुंधति को इसलिए मिला अवॉर्ड

अरुंधति रेड्डी को इसलिए प्लेयर ऑफ द मंथ के अवॉर्ड से नवाजा गया क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी की थी. उस सीरीज के तीन मैचों में अरुंधति ने 8 विकेट चटकाए. सिडनी में उन्होंने 4 ओवर में महज 222 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे. कैनबरा टी20 में उन्होंने 2 और एडिलेड टी20 में भी 2 विकेट हासिल किए.