इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़े बदलाव की आहट तेज हो गई है। आईसीसी इस महीने अपनी अहम बैठकों में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के विस्तार और ओलंपिक 2028 के क्वालिफिकेशन सिस्टम पर अंतिम मुहर लगा सकता है।
ये दोनों फैसले आने वाले वर्षों में क्रिकेट के ढांचे को काफी हद तक बदल सकते हैं।
मार्च 2026 में दोहा में होने वाली ICC बोर्ड और चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी की बैठक टाल दी गई थी। मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते ये मीटिंग्स तय समय पर नहीं हो सकीं और सिर्फ औपचारिक ऑनलाइन चर्चा हुई। अब उम्मीद है कि इस महीने के अंत तक नई जगह पर फिजिकल मीटिंग कर इन अहम मुद्दों पर फैसला लिया जाएगा।
WTC में 12 टीमों का प्रस्ताव
क्रिकेट फाइनेंसियल जर्नल के अनुसार सबसे बड़ा अपडेट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को लेकर है। फिलहाल 9 टीमों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट को 2027 से 12 टीमों तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। इस विस्तार में अफगानिस्तान, ज़िम्बाब्वे और आयरलैंड को शामिल करने की तैयारी है।
पहले इसे दो डिवीजन में बांटने का विचार था, लेकिन कई छोटे देशों के विरोध के चलते वह योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब ICC एक ही लीग फॉर्मेट में सभी 12 टीमों को शामिल करने के पक्ष में नजर आ रहा है।
छोटे देशों को मिलेगा ज्यादा मौका
नए फॉर्मेट के साथ ICC अगले फ्यूचर टूर प्रोग्राम में भी बदलाव करने की योजना बना रहा है। हर टीम को एक निश्चित संख्या में टेस्ट मैच खेलने होंगे और बड़े देशों को छोटे देशों के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके लिए वन-ऑफ टेस्ट मैच जोड़ने का भी विचार है, ताकि क्रिकेट का दायरा सिर्फ बड़े देशों तक सीमित न रहे। उदाहरण के तौर पर जिम्बाब्वे लगातार कोशिश कर रहा है कि बड़ी टीमें साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान उनके यहां भी मैच खेलें।
ओलंपिक 2028 के लिए लगभग तय हुआ सिस्टम
क्रिकेट 2028 में लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 का हिस्सा बनने जा रहा है और इसके लिए क्वालिफिकेशन मॉडल भी लगभग तैयार है। मेंस और विमेंस दोनों कैटेगरी में 6-6 टीमों को जगह मिलेगी। एशिया, ओशिनिया, यूरोप और अफ्रीका की टॉप टीम सीधे क्वालिफाई करेगी, जबकि मेजबान यूनाइटेड स्टेट्स को ऑटोमैटिक एंट्री मिलेगी। बची हुई एक जगह के लिए 2027 में ग्लोबल क्वालिफायर कराया जाएगा। पहले विमेंस टीम के लिए अलग प्लान था, लेकिन अब दोनों कैटेगरी के लिए एक जैसा सिस्टम अपनाने पर सहमति बन गई है।
कब होगा अंतिम फैसला
ICC की कोशिश है कि इन सभी प्रस्तावों पर जुलाई में होने वाली सालाना बैठक से पहले ही अंतिम फैसला कर लिया जाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगली मीटिंग बैंकॉक में हो सकती है, जहां बोर्ड मेंबर इन मुद्दों पर अंतिम चर्चा करेंगे।