क्रिकेट में कई तरह से खिलाड़ी बोल्ड आउट होता है लेकिन एक अजीब नियम को अब बदल दिया गया है। जिसे बल्लेबाजों के लिए राहत की बात कही जा सकती है। हालांकि उस तरह आउट भी बहुत कम मामलों में देखा गया है।
जब गेंद पहले नॉन-स्ट्राइकर के स्टंप्स से टकराए और फिर लुढ़ककर स्ट्राइकर के स्टंप्स गिरा दे, तब बल्लेबाज को आउट दिया जाता है लेकिन अब ऐसी स्थिति में बल्लेबाज को बोल्ड नहीं दिया जाएगा। क्रिकेट के नियमों की संरक्षक संस्था मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने इस असामान्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए नियम में बदलाव किया है।
इस बदलाव के पीछे जूनियर काउंटी क्रिकेट का एक दिलचस्प मामला है। ग्लॉस्टरशायर और समरसेट की अंडर 18 टीमों के बीच मुकाबले में एक बल्लेबाज ने सीधा शॉट खेला। गेंद गेंदबाज के पास जाने के बजाय नॉन-स्ट्राइकर छोर के स्टंप्स से टकरा गई।
इसके बाद गेंद वापस लुढ़कते हुए स्ट्राइकर के छोर तक पहुंची और वहां के स्टंप्स भी गिरा दिए। अंपायर ने बल्लेबाज को आउट दे दिया था, इस घटना ने बोल्ड के नियम पर दोबारा विचार करने की जरूरत पैदा की।
MCC के लॉ मैनेजर फ्रेजर स्टीवर्ट ने इस बदलाव के पीछे की वजह समझाई है। नए नियम के मुताबिक अगर गेंद स्ट्राइकर के स्टंप्स से टकराने से पहले नॉन-स्ट्राइकर के स्टंप्स से टकरा चुकी है, तो बल्लेबाज को बोल्ड आउट नहीं दिया जाएगा।
यह बदलाव MCC के 2026 संस्करण के क्रिकेट नियमों का हिस्सा है, जो 1 अक्टूबर 2026 से लागू हुए हैं। इसका मकसद ऐसी असामान्य स्थिति को स्पष्ट करना है, जिसमें गेंद के एक छोर पर लगे स्टंप्स से टकराने के बाद दूसरे छोर के स्टंप्स गिराने पर बल्लेबाज को आउट दे दिया जाता था।
MCC ने 2026 के नए संस्करण में कुल 73 महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इनमें दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरने के बाद भी ओवर पूरा कराने का नियम शामिल है। अब नया बल्लेबाज मैदान पर आएगा और बची हुई गेंदें खेली जाएंगी। इसके अलावा डे-टेस्ट में दोनों टीमों की सहमति से पिंक बॉल इस्तेमाल करने का ट्रायल और समय बर्बाद करने पर बल्लेबाजों के खिलाफ कार्रवाई जैसे बदलाव भी लागू किए गए हैं।