उम्र सिर्फ 20 साल लेकिन गेंदबाजी है बवाल. बात हो रही है विक्टोरिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैरी होएकस्ट्रा की जिन्होंने अपनी कमाल गेंदबाजी से सनसनी मचा दी है. बाएं हाथ का ये तेज गेंदबाज शेफील्ड शील्ड में आग उगल रहा है.
अपने पहले ही मैच में साउथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइव विकेट हॉल लेने वाले इस तेज गेंदबाज ने अब तस्मानिया टीम की कमर तोड़ दी. तस्मानिया के खिलाफ उन्होंने पूरे टॉप ऑर्डर को धराशायी करते हुए महज 46 रन देकर 5 विकेट झटक लिए. उनकी इस तूफानी गेंदबाजी के आगे तस्मानिया की टीम सिर्फ 241 रनों पर ढेर हो गई. हालांकि बेन मैक्डरमॉ ने पांचवें नंबर पर उतरकर शानदार 128 रन बनाकर अपनी टीम को बचाया.
हैरी होएकस्ट्रा हैं अगले मिचेल स्टार्क?
हैरी होएकस्ट्रा 20 साल की उम्र में जिस तरह से गेंद को दोनों ओर स्विंग करा रहे हैं. साथ ही अपनी पेस और बाउंस से बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं, उसे देखकर ये लग रहा है कि ये खिलाड़ी आने वाले वक्त में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल सकता है. उनकी गेंदबाजी देखकर अभी से उनकी तुलना मिचेल स्टार्क और नैथन ब्रैकन जैसे गेंदबाजों से हो रही है. बता दें होएकस्ट्रा को पहली गेंद पर आउट करने के बाद सुर्खियों में आए थे.
क्रिकेट कॉन्ट्रैक्ट मिलने से पहले करते थे ये काम
हैरी होएकस्ट्रा ने प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट मिलने से पहले परिवार के बिजनेस में काम किया था. वे छोटे शहर से आते हैं और क्लब क्रिकेट में कैसी साउथ मेलबर्न और कूनवारा लेंगोथा आरसीएल क्लब का प्रतिनिधित्व किया. होएकस्ट्रा ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के लिए भी खेले और अक्टूबर 2024 में उन्होंने इंडिया अंडर 19 टीम के खिलाफ यूथ टेस्ट में वैभव सूर्यवंशी को पहली गेंद पर आउट किया था. साल 2026-27 सीजन से पहले विक्टोरिया से रूकी कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर वो शेफील्ड शील्ड में खेलने उतरे और दो मैचों में ही उन्होंने अपना नाम बना लिया है.