Finn Allen World Record: फिन एलेन ने तोड़ा युवराज सिंह का ये वर्ल्ड रिकॉर्ड, सबसे तेज अर्धशतक ठोका

T20 World Cup 2026: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में तूफान आया और ये तूफान निकला न्यूजीलैंड के ओपनर फिन एलेन के बल्ले से, जिन्होंने महज 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया. फिन एलेन ने साउथ अफ्रीका के सभी गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 3 छक्के और 5 चौकों की मदद से फिफ्टी जड़ दी. इस पारी के साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. फिन एलेन टी20 वर्ल्ड कप के किसी भी नॉक आउट मैच में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए. ये रिकॉर्ड साल 2007 से युवराज सिंह के नाम था.

फिन एलेन ने तोड़ा युवराज का रिकॉर्ड

युवराज सिंह ने साल 2007 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में महज 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. ये रिकॉर्ड पिछले 19 सालों से नहीं टूटा था लेकिन अब फिन एलेन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 19 गेंदों में फिफ्टी ठोक इतिहास रच दिया. फिन एलेन न्यूजीलैंड के लिए भी सबसे कम गेंदों में टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं. उन्होंने 22 गेंदों में अर्धशतक ठोकने वाले ग्लेन फिलिप्स को पछाड़ा.

एलेन ने दी न्यूजीलैंड को तूफानी शुरुआत

फिन एलेन ने टिम साइफर्ट के साथ मिलकर न्यूजीलैंड को तूफानी शुरुआत दी. पहले 6 ओवरों में ही इन दोनों खिलाड़ियों ने 84 रन बना डाले जो कि टी20 वर्ल्ड कप के नॉक आउट मैच में पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर है. एलेन और साइफर्ट ने मिलकर पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी की. न्यूजीलैंड की ओर से पहली बार टी20 वर्ल्ड कप नॉक आउट मैच में शतकीय साझेदारी हुई है. इस जोड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दूसरी बार शतकीय साझेदारी की है. दोनों मिलकर 463 रन ठोक चुके हैं जो कि एक रिकॉर्ड है.

टिम साइफर्ट ने भी ठोकी तूफानी फिफ्टी

बता दें टिम साइफर्ट ने भी इस मैच में कमाल बैटिंग की. इस खिलाड़ी ने महज 28 गेंदों में अर्धशतक जमाया. उनके बल्ले से 33 गेंदों में 58 रन निकले. साइफर्ट ने अपनी पारी में 2 छक्के और 7 चौके लगाए.