Explainer: 28 साल बाद भारतीय क्रिकेट इतिहास में बनेगा खास संयोग, एक ही दिन मैदान पर उतरेगी दो भारतीय मेंस टीम!

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जापान में आयोजित एशियाई खेलों और घरेलू मैदान पर होने वाली वनडे सीरीज के चलते अगले महीने भारतीय क्रिकेट में एक दुर्लभ दृश्य देखने को मिल सकता है। जब टी20 और वनडे टीमें लगभग एक ही समय में दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में खेलती नजर आएंगी हैं।

एक मौके पर तो एक ही दिन में दोनों टीमें खेल सकती है। लगभग 28 साल पहले दो भारतीय वनडे टीमें एक ही दिन खेली थीं। एक मलेशिया में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स और दूसरी टोरंटो में सहारा कप में भारतीय टीम एक साथ उतरीं थीं।

वह ऐतिहासिक दिन था 12 सितंबर 1998 का जब भारत की दो क्रिकेट टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग जगह मैदान पर उतरी थीं। मलेशिया कॉमनवेल्थ गेम्स 1998, क्वालालांपुर में सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, अजय जडेजा और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गजों से सजी भारतीय टीम कनाडा के खिलाफ उतरी थी और 112 रन से मुकाबला जीता था। उसी दिन कनाडा के टोरंटो में मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, और जवागल श्रीनाथ जैसे दिग्गजों वाली टीम ने सहारा फ्रेंडशिप कप में पाकिस्तान का सामना किया था और 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

3 अक्टूबर 2026 को फिर बन रहा ऐसा संयोग

अब 3 अक्तूबर 2026 को एक बार फिर ऐसा ही संयोग देखने को मिल सकता है। दरअसल, जापान में होने वाले एशियाई खेलो में भारतीय क्रिकेट टीम का पहला मैच (क्वार्टर फाइनल) 28 सितंबर को खेला जाएगा। वहीं, इससे ठीक एक दिन पहले यानी 27 सितंबर से घरेलू मैदान पर भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैच की सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा।

ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 3 अक्टूबर 2026 को मुल्लांपुर न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। उसी दिन जापान में एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल व ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला जाएगा। प्रबल दावेदारों और डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम अगर फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल मैच तक पहुंची तो 28 साल बाद फिर ऐसा संयोग बनेगा, जब भारत की 2 टीमें एक साथ,एक ही दिन मैदान पर उतर सकती हैं।

भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज का शेड्यूल-

  • पहला वनडे: 27 सितंबर 2026, तिरुवनंतपुरम (दोपहर 2 बजे IST)
  • दूसरा वनडे: 30 सितंबर 2026, गुवाहाटी (दोपहर 2 बजे IST)
  • तीसरा वनडे: 3 अक्टूबर 2026, न्यू चंडीगढ़ (दोपहर 2 बजे IST)

2023 में भी बनी थी दो टीम

तीन साल पहले यानी साल 2023 में भी दो भारतीय टीम मैदान पर थी। हालांकि, मैच एक ही दिन नहीं हुए थे। तीन साल पहले ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टी20I टीम ग्वांगझू एशियाई खेलों के लिए चीन में थी, जबकि रोहित शर्मा की टीम वनडे विश्व कप की तैयारी के लिए भारत में थी। गायकवाड़ की कप्तानी में टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल जीता था। अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया था और भारत को रैंकिंग के आधार पर विजेता घोषित किया गया था।

एशियन गेम्स में नॉक-आउट मैच शेड्यूल-

  • 28 सितंबर- भारत बनाम A2 (क्वार्टर-फाइनल)
  • 1 अक्तूबर- भारत/A2 बनाम श्रीलंका/A1 (सेमी-फाइनल)
  • 3 अक्तूबर- ब्रॉन्ज मेडल मैच (तीसरे स्थान के लिए प्ले-ऑफ)
  • 3 अक्तूबर- गोल्ड मेडल मैच (फाइनल)

एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय मेंस क्रिकेट टीम-

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रित बुमरा, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी।

Leave a Comment