Vaibhav Suryavanshi- Arjun Tendulkar: वैभव सूर्यवंशी और अर्जुन तेंदुलकर साथ-साथ खेलते नजर आएं, वो भी एक ही टूर्नामेंट में, एक ही T20 मैच में, तो रोमांच का तड़का तो वैसे ही लगना तय है. मगर उसमें जब दोनों का धमाकेदार खेल भी देखने को मिले तो कहने ही क्या? साथ में कुछ ऐसी ही दबंगई इन दोनों ने DY Patil T20 Cup 2026 में दिखाई, जहां इन दोनों ने मिलकर सिर्फ 48 गेंदों में ही 118 रन कूटे और टीम को विस्फोटक जीत दिलाई.
सूर्यवंशी और तेंदुलकर पहली बार खेले साथ
अर्जुन तेंदुलकर को तो डीवाई पाटिल T20 कप पहले भी खेलने का अनुभव रहा है. लेकिन, वैभव सूर्यवंशी के लिए उनका डीवाई पाटिल T20 कप में ये पहला सीजन है. वैभव और अर्जुन टूर्नामेंट में डीवाई पाटिल ब्लू टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. दोनों ने 25 फरवरी को खेले मुकाबले में इंडियन नेवी टीम के गेंदबाजों का धागा खोल दिया. वैभव सूर्यवंशी ने ओपनिंग में उतरकर धमाका किया और मैच जीतने की बुनियाद रखी तो उस बुनियाद पर जीत की इमारत अर्जुन तेंदुलकर ने खड़ी की.
वैभव सूर्यवंशी को रोकना हुआ मुश्किल
इंडियन नेवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 219 रन बनाए थे. जवाब में 220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीवाई पाटिल ब्लू की ओर से ओपनिंग यश ढुल और वैभव सूर्यवंशी ने की. ढुल तो नहीं चले मगर सूर्यवंशी को रोकना इंडियन नेवी टीम के लिए मुश्किल हो गया. वैभव सर्यवंशी ने 331.58 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में ही 63 रन बना दिए. उनकी इस पारी में 5 छक्के और 7 चौके शामिल रहे.
सूर्यवंशी के आगाज को अर्जुन तेंदुलकर ने दिया अंजाम
हालांकि, खेल अभी खत्म नहीं हुआ था. वैभव सूर्यवंशी ने रन चेज की जो बुनियाद रखी थी, उसे अंजाम तक पहुंचाना अभी बाकी था और इस काम को किया अर्जुन तेंदुलकर ने. उन्होंने 7वें नंबर पर उतरकर 189.66 की स्ट्राइक रेट से 29 गेंदों पर नाबाद 55 रन की तूफानी पारी खेली. अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए. इंडियन नेवी के खिलाफ डीवाई पाटिल ब्लू की जीत की स्क्रिप्ट अर्जुन तेंदुलकर ने मैच के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर अपनी इनिंग का दूसरा छक्का लगाते हुए लिखी.
सूर्यवंशी-तेंदुलकर ने 48 गेंदों में ठोके 118 रन
वैभव सूर्यवंशी और अर्जुन तेंदुलकर के लिए साथ में खेलने का ये पहला मौका था और बड़ी बात ये कि साथ में जब खेले तो धमाका भी दोनों के बल्ले से दिखा. वैभव और अर्जुन की पारियों को मिला दें तो डीवाई पाटिल ब्लू के लिए उन्होंने 48 गेंदों पर 118 रन जोड़, जिसमें 7 छक्के और 14 चौके शामिल रहे.