Duleep Trophy: वैभव सूर्यवंशी की टीम ने फाइनल में मारी एंट्री, सेंट्रल जोन को 4 विकेट से रौंदा, अब किससे होगी टक्कर?

Duleep Trophy 2026: ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह बना ली है. ईस्ट जोन ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में रजत पाटीदार की कप्तानी वाली डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन को 4 विकेट से हराया.

ईस्ट जोन को चौथी पारी में 159 रनों का टारगेट मिला था. ईस्ट जोन ने 6 विकेट खोकर 162 रन बनाकर टारगेट चेज कर लिया. वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, जबकि कप्तान ईशान किशन ने नाबाद 39 रनों की पारी खेली. अब फाइनल में ईस्ट जोन का मुकाबला दूसरा सेमीफाइनल जीतने वाली टीम से होगा. दूसरा सेमीफाइनल नॉर्थ जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में जीतने वाली टीम फाइनल में ईस्ट जोन से भिड़ेगी, जो 6 सितंबर से खेला जाएगा.

कैसे जीती ईशान किशन की टीम?

सेंट्रल जोन ने अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी ईस्ट जोन भी अपनी पहली पारी में 266 पर ही ढेर हो गई. इसके बाद सेंट्रल जोन अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 158 रन ही बना पाया. ईस्ट जोन की घातक गेंदबाजी के सामने सेंट्रल जोन के बल्लेबाज टिक नहीं पाए. इससे ईस्ट जोन को 159 रनों का आसान टारगेट मिला. ईस्ट जोन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीसरे दिन के आखिरी सेशन में मैच अपने नाम कर लिया. मोहम्मद शमी ने चौका लगाकर ईस्ट जोन को फाइनल का टिकट दिलाया. इसी के साथ ईशान किशन (Ishan Kishan) की कप्तानी में ईस्ट जोन ने 13 सालों से चले आ रहे सिलसिले को भी तोड़ दिया है. दरअसल, ईस्ट जोन ने 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है.

 

 

ये खिलाड़ी रहे ईस्ट जोन की जीत के हीरो

ईस्ट जोन की जीत में कई खिलाड़ियों को अहम योगदान रहा. इस मुकाबले में मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने सेंट्रल जोन के खिलाफ घातक गेंदबाजी की. मुकेश कुमार ने पहली पारी में 3 विकेट और दूसरी पारी में 4 विकेट लिए. वहीं, शमी ने पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 3 विकेट हासिल किए. मुकेश कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया.

वहीं, बल्लेबाजी की बात करें, तो वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से कोहराम मचाया. उन्होंने अपनी पहली इनिंग में 92 रनों की तूफानी पारी खेली थी. इसके बाद दूसरी पारी में भी वैभव ने 40 रन बनाए. वैभव के अलावा सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन ने भी पहली पारी में 69 और दूसरी में 24 रन बनाए. आखिर में कप्तान ईशान किशन ने 39 रनों की पारी खेलकर ईस्ट जोन को जीत दिलाई.

Leave a Comment