Dhruv Jurel Statement: मौसम ने बेसिन रिजर्व की पिच को फ्लैट बना दिया? ध्रुव जुरेल ने कहा- किसी ने नहीं सोचा था

वेलिंगटन: भारत के युवा बल्लेबाज ध्रुव जुरेल का मानना है कि पिच से कहीं ज्यादा मौसम ने बेसिन रिजर्व को बल्लेबाजी के लिए शानदार जगह बना दिया है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने के लिए भारत को थोड़ी किस्मत की जरूरत होगी, ताकि वे विकेट लेने वाली 8 अच्छी गेंदें फेंक सकें।लगातार तीन दिनों तक तेज धूप रहने के कारण पिच सूख गई है।

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 119 रन है और वे भारत से अभी भी 233 रन पीछे हैं।

वेलिंगटन में तीन दिन से लगातार धूप

ध्रुव जुरेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मैंने इंडिया ए के मैचों के दौरान देखा था कि पिच से ज्यादा मौसम मायने रखता है। अगर मौसम थोड़ा भी बादल वाला होता, तो मुझे यकीन है कि पिच से गेंदबाजों को कुछ न कुछ मदद जरूर मिलती। किसी ने नहीं सोचा था कि लगातार तीन दिन तक धूप खिलेगी और पिच सूखती जाएगी। मुझे लगता है कि इसी वजह से हमें वो देखने को मिला, जिसकी हमने उम्मीद नहीं की थी।’

भारत को 8 अच्छी गेंदों की जरूरत

गेंद की चमक खत्म हो चुकी है और पिच भी धीमी हो गई है। जुरेल ने कहा कि आखिरी दिन भारत की उम्मीदें अनुशासन और थोड़ी किस्मत पर टिकी हैं। उन्होंने कहा, ‘जब मैच शुरू हुआ था, तब मौसम का काफी असर दिख रहा था। अब देखते हैं कि सोमवार को हवा चलने पर क्या होता है। गेंद पुरानी हो चुकी है और मुझे लगता है कि हमें बस थोड़ी किस्मत की जरूरत है, ताकि हम 8 अच्छी गेंदें फेंक सकें। हम बस यही उम्मीद कर रहे हैं। हम बस एक ही जगह पर लगातार गेंदबाजी करने की कोशिश करेंगे। पिच दिन-ब-दिन धीमी होती जा रही है और थोड़ी नीची भी रह रही है। इसी कारण 8 अच्छी गेंदें पाने के लिए हमें किस्मत का साथ चाहिए। आज हमारी जो रणनीति थी, वह काफी अच्छी थी।’

78 रनों की पारी खेलने वाले जुरेल ने बताया कि भारत को पहले से ही पता था कि उन्हें अपनी पहली पारी कब घोषित करनी है। उन्होंने कहा, ‘हमारी योजना लगभग 135-140 ओवर तक गेंदबाजी करने की थी। हम लंच के बाद एक घंटे तक और बल्लेबाजी करना चाहते थे, ताकि ज्यादा से ज्यादा रन बना सकें। हमारा लक्ष्य 350 रनों की बढ़त लेना था, और मुझे लगता है कि 140 ओवर की गेंदबाजी इसके लिए काफी थी।’

जुरेल ने ऋषभ पंत को मेंटर बताया

ध्रुव जुरेल ने ऋषभ पंत के साथ 75 रनों की साझेदारी की थी। उन्होंने  की पारी की तारीफ करते हुए कहा, ‘मैंने उनके बारे में कई बार कहा है कि वह एक असाधारण खिलाड़ी हैं। जिस तरह से वह खेलते हैं, उसे देखकर मैं हमेशा उनके माइंडसेट के बारे में जानने के लिए उत्सुक रहता हूं। जब भी मुझे उनसे कुछ पूछना होता है, तो मैं उनसे उनकी बल्लेबाजी के बारे में सवाल करता हूं। जब वह मैदान पर जाते हैं, तो हमें उम्मीद होती है कि वह सामान्य तरीके से खेलेंगे, लेकिन अचानक वह आगे बढ़कर कवर के ऊपर या कहीं और शॉट खेल देते हैं। वह एक अलग तरह के खिलाड़ी हैं। एक प्लेयर के तौर पर मैं उन्हें बहुत पसंद करता हूं। मेंटर के रूप में भी, जब भी मैं उनसे बात करता हूं, वह हमेशा सकारात्मक सलाह देते हैं। हमारी टीम में ऐसे खिलाड़ी का होना बहुत अच्छी बात है।’

इस मैच में एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे जुरेल ने कहा कि उनके लिए सबसे अहम बात भारत के लिए खेलना है। उन्होंने कहा, ‘बात बस इतनी है, सर कि देश के लिए खेलना है। चाहे कोई भी मौका मिले, आप यह नहीं कह सकते कि आप तैयार नहीं हैं। इसलिए मैं देश के लिए हमेशा तैयार रहता हूं।’

Leave a Comment