इंडियन प्रीमिलर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में बदलावों का दौर जारी है और इसी कड़ी में फ्रेंचाइजी ने सोमवार को अपने अनुभवी बल्लेबाजी कोच माइक हसी से भी नाता तोड़ लिया।
हसी ने फ्रेंचाइजी के लिए छह सत्र खेलने के बाद 2018 में सीएसके के बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली थी।
सीएसके ने सोशल मीडिया पर इस फैसले की घोषणा करते हुए लिखा, ”2008 में पहले सत्र से ही आप चेन्नई सुपर किंग्स परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। ” बयान में कहा गया, ”पीली जर्सी के साथ आपका सफर सिर्फ आपके बनाए रनों और आपके मार्गदर्शन में निखरे खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहा बल्कि इस फ्रेंचाइजी के प्रति आपका समर्पण, विनम्रता और अटूट प्रतिबद्धता भी इसकी पहचान रही है। ” सीएसके ने कहा, ”हमारे इतिहास में आपकी जगह हमेशा खास रहेगी, हसमास्टर। एक बार सुपर किंग, हमेशा सुपर किंग। ”
गेंदबाजी कोच को भी फ्रेंचाइजी ने दी बधाई
सुपर किंग्स ने गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस को भी आधिकारिक रूप से विदाई दी। उनकी जगह भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। फ्रेंचाइजी ने कहा, ”2018 से चेन्नई सुपर किंग्स के कोचिंग सेटअप का अभिन्न हिस्सा रहे एरिक सिमंस ने हमारी गेंदबाजी इकाई को मजबूत बनाने और वर्षों के दौरान टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ” इसमें कहा गया, ”हम उनकी समर्पित सेवाओं और योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हैं। धन्यवाद, एरिक सिमंस। भविष्य के लिए आपको शुभकामनाएं। ”
सहायक कोच और फील्डिंग कोच को भी हटाया
टीम के सहायक कोच राजीव कुमार और क्षेत्ररक्षण कोच जेम्स फोस्टर भी आईपीएल 2027 से सहयोगी स्टाफ का हिस्सा नहीं होंगे। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन 2023 में खिताब जीतने के बाद उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है। टीम 2024 में पांचवें, 2025 में दसवें और 2026 में आठवें स्थान पर रही। लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी ने मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ लंबे जुड़ाव को भी समाप्त कर दिया। फ्लेमिंग अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने फ्लेमिंग की जगह ली है। आईपीएल 2027 चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मुख्य कोच के रूप में उनका पहला कार्यकाल होगा।
गैरेथ बैटी बने सहायक कोच
इस बीच इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर गैरेथ बैटी को सीएसके ने सहायक कोच नियुक्त किया है। बैटी ने इंग्लैंड के लिए नौ टेस्ट, 10 वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है। बैटी (49 वर्ष) जहीर को अच्छी तरह जानते हैं। दोनों इंग्लैंड की काउंटी टीम वॉर्सेस्टरशर के साथ काम कर चुके हैं। बैटी ने कोच के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है। उनके मार्गदर्शन में सरे की टीम ने 2022 से 2024 के बीच लगातार तीन बार काउंटी चैंपियनशिप का खिताब जीता। वह नए स्वरूप वाली हंड्रेड प्रतियोगिता में एमआई लंदन के सहायक कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं। बैटी ने एक बयान में कहा, ”सरे ने मुझे जो कुछ दिया है, उसके लिए सिर्फ धन्यवाद कहना पर्याप्त नहीं लगता। इस महान क्लब की सेवा करना और इसकी सफलताओं व चुनौतियों का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। ” उन्होंने कहा, ”आईपीएल में सीएसके के साथ यह नया सफर मेरे और मेरे परिवार के लिए बेहद रोमांचक है। मैं इसकी शुरुआत करने के लिए उत्सुक हूं। ” सरे के क्रिकेट निदेशक एलेक स्टीवर्ट ने कहा, ”बैटी खेल के प्रति जुनूनी हैं, उन्हें इसकी गहरी समझ है और वह खुद से तथा अपने आसपास के लोगों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। जब उन्होंने कोचिंग की दुनिया में कदम रखा, तो अपने साथ ये सभी खूबियां भी लेकर आए। ”