China Masters 2026: श्रीकांत ने वर्ल्ड नंबर-9 लाई को हराया, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

शेनझेन: China Masters Super 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के किदांबी श्रीकांत ने बड़ा उलटफेर करते हुए वर्ल्ड नंबर-9 कनाडा के विक्टर लाई को हराकर पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 श्रीकांत ने शेनझेन एरिना में विक्टर लाई को सीधे गेमों में 21-18, 21-19 से मात दी। लाई पिछले दो BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं।

चीन में श्रीकांत का शानदार प्रदर्शन जारी

2021 वर्ल्ड चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत ने टूर्नामेंट की शुरुआत भी आत्मविश्वास के साथ की थी। उन्होंने पहले दौर में चीनी ताइपे के वर्ल्ड नंबर-21 ची यू-जेन को सिर्फ 35 मिनट में 21-16, 21-15 से हराया था। अब क्वार्टर फाइनल में श्रीकांत का सामना हांगकांग के ली च्युक यू से होगा। ली च्युक यू ने राउंड ऑफ-16 में वर्ल्ड नंबर-9 टोमा पोपोव को हराकर अगले दौर में जगह बनाई है।

लाई ने लक्ष्य सेन को हराकर बनाई थी जगह

विक्टर लाई ने इससे पहले राउंड ऑफ-32 में भारत के लक्ष्य सेन को हराया था। इसके बाद उन्होंने श्रीकांत के खिलाफ मुकाबला खेला, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।

इस सीजन का श्रीकांत का दूसरा क्वार्टर फाइनल

श्रीकांत के लिए यह 2026 सीजन का दूसरा क्वार्टर फाइनल है। इससे पहले उन्होंने जून में US Open में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां वह उपविजेता रहे थे।

तन्वी शर्मा की चुनौती खत्म

महिला एकल में भारत को निराशा हाथ लगी। तन्वी शर्मा को जापान की टोमोका मियाजाकी के खिलाफ तीन गेमों के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। मियाजाकी ने तन्वी को 17-21, 21-18, 21-16 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। तन्वी की हार के साथ टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग में भारत की चुनौती भी समाप्त हो गई।

ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो भी बाहर

मिक्स्ड डबल्स में भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो को भी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन-हुई ने मात दी।

सात्विक-चिराग पर भारत की उम्मीदें

दिन के बाद के मुकाबले में भारत की स्टार पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी कोर्ट पर उतरेगी। वर्ल्ड नंबर-5 भारतीय जोड़ी का सामना फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव से होगा। सात्विक-चिराग ने टूर्नामेंट की शुरुआत मलेशिया के जुनैदी आरिफ और कांग खाई शिंग को सिर्फ 40 मिनट में 21-11, 21-16 से हराकर की थी।

बुधवार को देविका सिहाग और रोहन-रुथविका भी हारे

बुधवार को महिला एकल में भारत की देविका सिहाग को बुल्गारिया की कलोयाना नलबांतोवा ने 21-18, 21-15 से हराया था। मिक्स्ड डबल्स में रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गड्डे को चीनी ताइपे के वू गुआन शुन और ली चिया शिन के खिलाफ हार मिली। चीनी ताइपे की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 21-16, 21-18 से मात दी।

चीन मास्टर्स में भारत का अब तक प्रदर्शन

किदांबी श्रीकांत: पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी: पुरुष डबल्स में भारतीय चुनौती बरकरार तन्वी शर्मा: महिला एकल से बाहर ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो: मिक्स्ड डबल्स से बाहर देविका सिहाग: महिला एकल से बाहर रोहन कपूर-रुथविका शिवानी गड्डे: मिक्स्ड डबल्स से बाहर।

Leave a Comment