CAN vs NZ: युवराज सिंह का नाम ही नहीं मिला, काम भी वैसा किया, T20 WC में 6 छक्के के साथ शतक ठोक रचा इतिहास

Yuvraj Singh Samra Century: वो कहते हैं ना जैसा नाम, वैसा काम. वर्ल्ड क्रिकेट में युवराज सिंह का नाम तो आपने खूब सुना होगा. ये युवराज नाम T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भी चर्चा में आ चुका है. फर्क बस सिर्फ इतना है कि भारतीय मूल का ये युवराज कनाडा की जर्सी में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटा है. हम बात कर रहे हैं कनाडा की क्रिकेट टीम के ओपनर युवराज सिंह सामरा और उनके जमाए शतक की. 19 साल के इस खिलाड़ी ने सिर्फ शतक नहीं मारा है बल्कि इतिहास भी रचा है.

सिर्फ नाम से ही नहीं, काम से भी युवराज सिंह

न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप D के मैच में 6 छक्कों के साथ सिर्फ 58 गेंदों पर अपना शतक पूरा करने युवराज सिंह सामरा और भारतीय क्रिकेट के युवराज के बीच कई सारे कनेक्शन हैं. इसमें एक हैं उनके नाम के पीछे की कहानी. युवराज सिंह सामरा का नाम उनके पिता ने भारतीय क्रिकेट के युवराज सिंह के नाम पर ही रखा था. अब जब नाम युवराज सिंह का मिला तो काम भी उनके जैसा ही दिखा. युवराज सिंह सामरा T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए.