Biggest Run Chase: भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया

नई दिल्ली । भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला थर्सडे को खेला गया। जिसमें भारतीय टीम के ओपनर संजू सैमसन, मिडिल ऑर्डर में कप्तान श्रेयस अय्यर और लोअर ऑर्डर में नमन धीर की विस्फोटक पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया।

थर्सडे को क्राइस्टचर्च में भारत ने न्यूजीलैंड के 225 रन के ग्रैंड टारगेट को दो गेंद बचे रहते छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह टी-20 इंटरनेशनल में भारत का सबसे बड़ा सफल रन चेज है। चार विकेट की इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

संजू ने पावरप्ले में बदला मैच
– बिगेस्ट टारगेट के सामने भारत को तेज शुरुआत की जरूरत थी और संजू सैमसन-अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने वही किया। अभिषेक ने पहली ही बॉल पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए, जबकि सैमसन ने लाकी फर्ग्युसन के ओवर में 22 रन बटोरकर न्यूजीलैंड पर दबाव बढ़ा दिया।
– इसके बाद एडम मिल्ने के ओवर में अभिषेक ने लगातार दो छक्के जड़े. भारतीय ओपनरों ने चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए छह ओवर में ही 93 रन जोड़ दिए। सैमसन 33 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल थे।
– अभिषेक ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए। भारत की जीत उस समय महज औपचारिकता लग रही थी। लेकिन पावरप्ले के बाद न्यूजीलैंड ने स्पिन का दांव चला और मैच का रुख बदल गया। माइकल ब्रेसवेल ने अभिषेक को 29 रन पर आउट किया।
– सैमसन भी उनकी वाइड गेंद पर कट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा 11 गेंदों में छह रन बनाकर ब्रेसवेल का तीसरा शिकार बने, जबकि इशान किशन मिशेल सैंटनर की गेंद पर बड़ा शाट खेलने के प्रयास में कैच दे बैठे।
– देखते ही देखते भारत का स्कोर बिना विकेट के 93 रन से चार विकेट पर 122 रन हो गया। न्यूजीलैंड ने सात रन के अंदर तीन विकेट लेकर मुकाबले में जान डाल दी। लंबी बाउंड्री भी भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनी।

प्रेशर में निखरे अक्षर
मुश्किल वक्त में अक्षर पटेल को ऊपर भेजने का फैसला भारत के काम आया। उन्होंने सैंटनर पर चौका और ब्रेसवेल पर छक्का लगाकर दबाव कम किया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी दूसरे छोर से पारी को संभाला। अक्षर 14 गेंदों में 24 रन बनाकर फर्ग्युसन की गेंद पर आउट हो गए, लेकिन भारत को जरूरी गति दे चुके थे। इसके बाद फिन एलन ने 15वें ओवर में अय्यर का कैच छोड़ दिया। उस समय भारत को 30 गेंदों में 55 रन चाहिए थे और पांच विकेट बाकी थे। यह जीवनदान न्यूजीलैंड को भारी पड़ा। अय्यर और नमन धीर ने मौके का फायदा उठाते हुए सैंटनर के ओवर में 19 रन बटोरे और मैच का पलड़ा भारत की ओर झुका दिया। अय्यर ने 42 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद भी नमन ने संयम नहीं खोया।

नमन की क्लासी फिनिश
नमन ने 15 बॉल में नाबाद 42 रन बनाए और आखिरी ओवर में चौका व छक्का लगाकर भारत को मंजिल तक पहुंचा दिया। दो गेंद बचे रहते जीत के साथ भारतीय टीम ने साबित किया कि तेज शुरुआत के बाद मध्यक्रम के लड़खड़ाने पर भी उसके पास मुकाबला खत्म करने वाले बल्लेबाज मौजूद हैं। इससे पहले फिन एलन ने 24 गेंदों में 45 और ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाकर न्यूजीलैंड को आठ विकेट पर 225 तक पहुंचाया था। बेवन जैकब्स ने 16 गेंदों में 31 रन जोड़े। चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 49 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। अब सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला शनिवार को इसी हागले ओवल मैदान पर खेला जाएगा।

रन, वर्सेस, वेन्यू, साल
226, न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च, 2026
209, आस्ट्रेलिया, विशाखापत्तनम, 2023
209, न्यूजीलैंड, रायपुर, 2026
208, वेस्टइंडीज, हैदराबाद, 2019
207, श्रीलंका, मोहाली, 2009
209, न्यूजीलैंड, आकलैंड, 2020

Leave a Comment