एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया है। पुरुष टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीता।
यह बयान जले पर नामक छिड़कने जैसा है। मिथुन मन्हास ने कहा कि पाकिस्तान अब भारतीय टीम को ज्यादा चुनौती नहीं देता। उन्होंने एशियन गेम्स के फाइनल में दबाव की परिस्थितियों को जिस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने संभाला, उसकी भी तारीफ की।
मन्हास ने कहा कि हमने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया, जो मुझे लगता है कि अब ज्यादा चुनौती नहीं देता। हमारी टीम ने जिस तरह दबाव की परिस्थितियों को संभाला, वह शानदार था। दुनिया की कोई दूसरी टीम ऐसा नहीं कर सकती। उन्होंने भारतीय टीम को पूरे टूर्नामेंट की सबसे बेहतर टीम बताते हुए कहा कि टीम डिफेंडिंग चैंपियन है और इस बार भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा।
मिथुन मन्हास ने टीम की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक टीम गेम है। उनके मुताबिक अभिषेक शर्मा ने पारी का टोन सेट किया, जबकि तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा कि ओपनर्स का काम पारी को आधार देना है और मिडिल ऑर्डर उसे फिनिश करता है।
मन्हास ने भारतीय गेंदबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सभी गेंदबाजों ने मिलकर अच्छा योगदान दिया और टीम ने एक अच्छे स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया।
गोल्ड मेडल जीतने के बाद आयोजित सेरेमनी में टीम इंडिया को मेडल देने का काम एशियन क्रिकेट काउंसिल से नहीं कराया गया, लोकल लेवल पर ही यह काम हुआ। इस दौरान ICC चेयरमैन जय शाह भी समारोह में मौजूद रहे। खास पल तब देखने को मिला, जब युवा वैभव सूर्यवंशी ने जय शाह के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल के साथ जीत का जश्न मनाया।
शनिवार के दिन भारत की दो अलग-अलग टीमों की तरफ से मैदान पर हिस्सा लिया गया, टी20 टीम ने जापान में एशियन गेम्स फाइनल खेला। वनडे में शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मुल्लांपुर में तीसरा एकदिवसीय मैच खेला।