रविवार 15 मार्च का दिन भारतीय क्रिकेट में बहुत खास होने वाला है क्योंकि वक्त आ गया है BCCI के सालाना अवॉर्ड्स ‘नमन’ (NAMAN) का. एक बार फिर नमन अवॉर्ड्स में पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अवॉर्ड दिया जाएगा. हालांकि इस बार सारा ध्यान हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को सम्मानित किए जाने पर लगा हुआ है, वहीं भारतीय क्रिकेट के कुछ स्टार और कुछ आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी अवॉर्ड दिया जाएगा और इनमें ही एक हैं स्मृति मंधाना, जिन्हें फिर बेस्ट प्लेयर चुना गया है.
देश की राजधानी नई दिल्ली में इस बार BCCI के इन अवॉर्ड्स का आयोजन हो रहा है, जिसमें पिछले करीब डेढ़ साल में 5 अलग-अलग ICC ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीमों को सम्मानित किया जाएगा. मगर इनके अलावा इंडिविजुअल अवॉर्ड्स भी दिए जाने हैं और इसमें 2024-25 सीजन के लिए बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (विमेन) अवॉर्ड स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को मिलने वाला है. BCCI ने अवॉर्ड्स से एक दिन पहले ही इसका आधिकारिक ऐलान किया.
तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला टीम की उप-कप्तान और ओपनर मंधाना को पिछले सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए इस अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है. मंधाना ने इस दौरान 36 इंटरनेशनल मुकाबलों में 1800 रन बनाए, जिसमें 7 शतक शामिल थे. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट क्रिकेटर की ट्रॉफी दी जाएगी.
ये लगातार दूसरी बार और रिकॉर्ड 5वीं बार है, जब मंधाना को साल की बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया है. इस तरह उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की बराबरी कर ली है. कोहली ने मेंस क्रिकेट में बेस्टइ इंटरनेशनल प्लेयर की पॉली उमरीगर ट्रॉफी सबसे ज्यादा 5 बार जीती है. मंधाना को इसके अलावा महिला ODI में सबसे ज्यादा रन (1311 रन, 24 मैच) के लिए एक मेडल भी दिया जाएगा.
मंधाना के अलावा मेंस क्रिकेट में इस बार वनडे और टेस्ट टीम के नए कप्तान शुभमन गिल को पॉली उमरीगर ट्रॉफी दी जाएगी. गिल ने दूसरी बार ये अवॉर्ड जीता है. उनके अलावा हर्षित राणा को मेंस क्रिकेट में बेस्ट डेब्यूटेंट और श्रीचरणी को विमेंस क्रिकेट में बेस्ट डेब्यूटेंट का अवॉर्ड मिलेगा. इनके अलावा राहुल द्रविड़, रोजर बिन्नी और मिताली राज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिए जाएंगे.