Zaheer Khan: टीम इंडिया भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अच्छा प्रदर्शन कर रही है लेकिन उसके सामने एक ऐसी समस्या लगातार बड़ी होती जा रही है जिसकी वजह से उसे काफी नुकसान हो सकता है. ये समस्या है उसके तेज गेंदबाज जिनकी फॉर्म और फिटनेस उनका साथ नहीं देती. जसप्रीत बुमराह को छोड़कर भारत के पास फिलहाल कोई ऐसा तेज गेंदबाज नहीं है जो आगे चलकर इस खिलाड़ी की जगह ले सके. यही वजह है कि अब बीसीसीआई ने इस समस्या से निपटने के लिए पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान की मदद मांगी है.
जहीर खान को BCCI ने दी बड़ी जिम्मेदारी
जहीर खान को BCCI ने काफी बड़ी जिम्मेदारी दी है. रिपोर्ट्स की मानें तो इसी महीने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खास ट्रेनिंग कैंप लगाने वाले हैं. इस ट्रेनिंग कैंप में देश के टॉप तेज गेंदबाज आएंगे और जहीर खान उन्हें ट्रेनिंग देंगे. बता दें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिलहाल कोई फास्ट बॉलिंग कोच नहीं है. ट्रॉय कूली के रिटायर होने के बाद से ये जगह खाली है. अब जहीर खान इस पोजिशन को हासिल करने वाले हैं.
जहीर को है कोचिंग में दिलचस्पी
जहीर खान को इस भूमिका में CoE के क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण देखना चाहते हैं. साथ ही जहीर खान की भी कोचिंग में काफी ज्यादा दिलचस्पी है. वो मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपरजायंट्स से भी जुड़े हुए थे लेकिन अब वो टीम इंडिया को नए तेज गेंदबाज देना चाहते हैं. जहीर खान के आने से भारतीय क्रिकेट को फायदा तो होगा क्योंकि इस खिलाड़ी ने अपने इंटरनेशनल करियर में कमाल प्रदर्शन किया है वो देश के बेस्ट तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं.
जहीर खान का इंटरनेशनल करियर
47 साल के जहीर खान ने भारत के लिए 92 टेस्ट मैचों में 311 विकेट झटके. इसके अलावा उन्होंने 200 वनडे में 282 विकेट हासिल किए. भारत के लिए इस खिलाड़ी ने 17 टी20 विकेट भी हासिल किए. आईपीएल में भी जहीर खान ने 100 मैचों में 102 विकेट झटके. साफ है जहीर खान को अच्छा खासा अनुभव है और अब बीसीसीआई इसी का फायदा उठाना चाहती है.