BAN vs PAK: सलमान आगा को ICC से मिली कड़ी सजा, पाकिस्तानी खिलाड़ी पर लिया ये एक्शन

पाकिस्तान क्रिकेट टीम और इसके खिलाड़ियों के लिए मुश्किल दौर जारी है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फिर से नाकाम होने के बाद टीम बांग्लादेश दौरे पर है, जहां पहले ODI मैच में उसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. दूसरे मैच में टीम ने वापसी करते हुए जीत दर्ज की और सीरीज बराबर की लेकिन इस जीत पर भी एक दाग लग गया और उसकी वजह बने स्टार बल्लेबाज सलमान आगा. पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान आगा ने दूसरे ODI में एक दमदार पारी जरूर खेली लेकिन उन्होंने एक ऐसी हरकत की, जिसके चलते ICC को एक्शन लेना पड़ा और उन्हें सजा दी गई.

बांग्लादेश के मीरपुर में 13 मार्च को पाकिस्तान और मेजबान टीम के बीच ये वनडे मैच खेला गया था. पाकिस्तान ने इस मैच में पहले बैटिंग की थी, जहां उसके लिए माज सदाकत ने 75 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. वहीं सलमान आगा ने भी 64 रन बनाए. मगर जब वो बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे थे, तभी उन्हें बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने रन आउट कर दिया. सलमान आगा क्रीज से बाहर थे और फिर भी गेंद उठाकर मेहदी को देने की कोशिश कर रहे थे लेकिन बांग्लादेशी कप्तान ने खुद गेंद उठाकर उन्हें रन आउट कर दिया.

इस रन आउट पर बड़ा बवाल मचा और सलमान अपने गुस्से को काबू नहीं कर सके. उन्होंने पहले तो बहस की और फिर गुस्से में अपना हेलमेट और ग्लव्स वहीं पर पटक दिए. फिर पवेलियन लौटते हुए भी उन्होंने यही हरकत दोहराई और बाउंड्री के पार फिर हेलमेट और ग्लव्स पटक दिए. उनकी इस हरकत पर ही ICC के मैच रेफरी ने नाराजगी जाहिर करते हुए उनके खिलाफ एक्शन लिया.

(खबर अपडेट हो रही है)