Babar Azam: ‘वो दिमागी तौर पर अनफिट…’ बाबर पर भड़का पाकिस्तानी क्रिकेटर, खूब सुनाई खरी-खोटी

करीब एक-डेढ़ साल पहले तक पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान, मौजूदा दौर में टीम के सबसे बड़े स्टार और सबसे बड़े बल्लेबाज रहे बाबर आजम फिलहाल वो रुतबा खोते हुए दिख रहे हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट, खास तौर पर ICC टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम के साथ ही बाबर आजम की लगातार नाकामी के कारण वो एक्सपर्ट्स और फैंस के निशाने पर हैं. जहां ज्यादातर उनकी बल्लेबाजी और काबिलियत पर सवाल उठता रहा है, वहीं अब एक पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर ने तो सारी हदें पार कर दी है. पूर्व बल्लेबाज बासित अली ने बाबर आजम को मानसिक तौर पर अनफिट बता दिया है.

‘चोट नहीं, दिमागी रूप से अनफिट’

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुरी तरह फेल होने के बाद बाबर आजम को टीम से बाहर करने की मांग होने लगी थी. ऐसा हुआ भी और बांग्लादेश दौरे पर गई पाकिस्तानी टीम से बाबर को ड्रॉप किया गया. हालांकि ये वनडे फॉर्मेट की सीरीज है, जिसमें बाबर का प्रदर्शन बेहतर रहा है और यही कारण था कि इस पर सवाल उठ गए. ऐसे में जब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पाकिस्तान के सेलेक्टर आकिब जावेद से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि श्रीलंका से लौटने पर बाबर की चोट सामने आई, जिसके चलते उन्हें इस सीरीज से आराम दिया गया.

मगर दूसरी ओर पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज बासित अली ये मानने के लिए तैयार नहीं हैं. हमेशा से अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियां बटोरने वाले बासित का मानना है कि बाबर को चोट नहीं लगी बल्कि समस्या उनकी मानसिकता के साथ है. अपने यूट्यूब चैलन पर पोस्ट किए गए वीडियो में बासित ने कहा, “बाबर आजम दिमागी रूप से अनफिट हैं, शारीरिक रूप से नहीं.” बासित अली इतने पर ही नहीं रुके और ये भी कह दिया कि बाबर आजम को बांग्लादेश दौरे के लिए नहीं चुना जाना सही था क्योंकि वो इस सीरीज में भी फेल हो जाते.

लगातार चौथे टूर्नामेंट में फेल बाबर

बाबर आजम के लिए वर्ल्ड कप 2026 अच्छा नहीं रहा. उन्होंने इस टूर्नामेंट में 6 पारियां खेली और इसमें सिर्फ 91 रन ही बना सके. उनका सबसे बड़ा स्कोर सिर्फ 46 रन ही रहा. मगर ये कोई पहला मौका नहीं था, जब वो इस तरह ICC टूर्नामेंट में फेल हुए. इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025, उससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2024 और उससे भी पहले वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भी बाबर का बल्ला बिल्कुल खामोश रहा और इन सभी टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई.