AUS vs ENG: कैच पकड़ना पड़ा भारी, स्टार खिलाड़ी का हाथ हुआ फ्रैक्चर, ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच इंग्लैंड को बड़ा झटका

AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के उपकप्तान और स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स दाहिने हाथ की हड्डी टूटने के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के बचे हुए मुकाबलों से बाहर हो गए हैं.

अब 2 दिसंबर को सिडनी में खेले जाने वाले पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में टॉम बैंटन के कार्यवाहक कप्तान के रूप में इंग्लैंड की कमान संभालने की पूरी उम्मीद है.

पहली बार कप्तानी करने से चूके जैक्स

इस दौरे पर इंग्लैंड के उपकप्तान नियुक्त किए गए विल जैक्स अपने करियर में पहली बार सिडनी में खेले जाने वाले पांचवें टी20 मैच में नेशनल टीम की कप्तानी करने वाले थे, क्योंकि नियमित कप्तान हैरी ब्रूक चौथे मैच के बाद टेस्ट स्क्वॉड से जुड़ने के लिए साउथ अफ्रीका रवाना होने वाले हैं. लेकिन अब जैक्स को बीच दौरे से ही स्वदेश लौटना पड़ेगा. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलियाई पारी का 19वां ओवर फेंकते समय जैक्स चोटिल हुए थे.

बल्लेबाज बेन ड्वारशुइस के एक काफी तेज रिटर्न शॉट को लपकने की कोशिश में गेंद उनकी उंगलियों के बीच से निकल गई थी और उनके गेंदबाजी वाले हाथ की त्वचा फटने के साथ-साथ हड्डी में फ्रैक्चर हो गया. मैदान पर कई मिनट तक उपचार के बावजूद वो अपने ओवर की आखिरी दो गेंदें नहीं फेंक सके और काफी खून बहने के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था. जैक्स के बाहर होने के बाद अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू कर रहे हेनरी क्रोकॉम्ब ने बाकी दो गेंदें फेंकीं और सिर्फ एक रन दिया.

शानदार फॉर्म में हैं टॉम बैंटन

विल जैक्स की गैरमौजूदगी में कप्तानी के प्रबल दावेदार टॉम बैंटन इस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बेहतरीन लय में नजर आए हैं. उन्होंने दूसरे वनडे में शतक जड़कर सीरीज में बराबरी दिलाई थी और तीसरे वनडे में 35 गेंदों पर 44 रनों की अहम पारी खेलकर टीम को 2-1 से सीरीज जिताने में मदद की थी. मेलबर्न में खेले गए पहले टी20 में भी उन्होंने हैरी ब्रूक के साथ 97 रनों की साझेदारी करते हुए 22 गेंदों में 39 रन बनाए थे.

Leave a Comment