ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में खेले गए पहले टेस्ट में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 214 रन हरा दिया. नजीता पांचवें दिन (13 अक्टूबर) आया. इससे पहले टेस्ट में अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत 2025 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में हुई थी.
वहां टेम्बा बवुमा की कप्तानी वाली अफ्रीका जीत हासिल करके चैंपियन बनी थी. अब उसके अगले ही मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने हार का बदला ले लिया. इस हार के साथ कप्तान बवुमा का अजेय रिकॉर्ड वाला घमंड भी टूट गया.
इससे पहले बवुमा की कप्तानी में अफ्रीका ने एक भी टेस्ट नहीं गंवाया था. अब उनका यह रिकॉर्ड टूट गया है. यह अफ्रीका के लिए टेम्बा की कप्तानी में पहली टेस्ट हार रही. मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने में मैट रेंशॉ और जोश हेजलवुड ने अहम योगदान दिया. रैंशॉ ने पहली पारी में 21 चौके और 1 छक्का लगाकर 190 रन स्कोर किए. दूसरी पारी में उनके बल्ले से 82 रन निकले, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. दोनों ही पारियों में रेंशॉ ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा निजी स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज रहे. वहीं चौथी पारी यानी अफ्रीका के चेज के दौरान कंगारू तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 6 विकेट चटकाए.
ऐसा रहा पूरे मुकाबले का हाल
09 अक्टूबर से शुरू हुए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पहली पारी में टीम 390 रन पर सिमटी. रैंशॉ ने 190 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. बाकी कोई भी दूसरा बल्लेबाज 50 रन आंकड़ा भी नहीं छू सका. इस पारी में अफ्रीका के लिए वियान मुल्डर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.
अपनी पहली पारी में बैटिंग के लिए उतरी अफ्रीका 284 रन पर ही सिमट गई. सबसे बड़ी पारी खेलने वाले डेविड बेडिंगहम ने 49 रन स्कोर किए. इस पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.
106 रन की बढ़त के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में बैटिंग के लिए मैदान पर आई. यहां कंगारू टीम ने 6 विकेट पर 314 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. अब अफ्रीका के सामने जीत के लिए 421 रन का लक्ष्य था.
चेज में फ्लॉप अफ्रीका
400 से बड़े रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीका 206 रन पर ही सिमट गई. टीम के लिए एडन मार्करम ने 75 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली, लेकिन उससे टीम जीत के करीब भी नहीं पहुंच सकी. इस पारी में ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए.