एशियन गेम्स 2026 का विधिवत आगाज शनिवार 19 सितंबर से होने जा रहा है. जापान के आइची-नागोया में अगले करीब 2 हफ्तों तक एशिया के सबसे बड़े खेल आयोजन का रोमांच देखने को मिलेगा. भले ही आइची-नागोया से खिलाड़ियों के रहने से जुड़ी समस्या की खबरें आ रही हैं लेकिन फिर भी गेम्स को लेकर उत्साह बना हुआ है.
शनिवार को शानदार ओपनिंग सेरेमनी के साथ गेम्स का उद्घाटन होगा. हालांकि शनिवार को भारत की सिर्फ एक खिलाड़ी दावेदारी पेश करने उतरेगी, जो अपना मेडल पक्का कर सकती है.
जापान में आयोजित हो रहे 20वें एशियन गेम्स में का आगाज वैसे तो शनिवार से हो रहा है लेकिन कुछ खेलों का एक्शन पहले ही शुरू हो चुका है. इसमें टेकबॉल और क्रिकेट के मुकाबले कुछ दिन पहले ही शुरू हो गए. इन दोनों ही खेलों में भारत की दावेदारी है. महिला क्रिकेट में तो भारतीय टीम ने दमदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ही मैच में मेजबान जापान को हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई है. वहीं टेकबॉल में मिक्स्ड डबल्स के मैच में भारतीय जोड़ी ब्रॉन्ज मेडल के लिए दावेदारी पेश करेगी.
पहले दिन ही होगा मेडल पक्का?
हालांकि शनिवार को सिर्फ एक ही खेल में किसी भारतीय खिलाड़ी को देखने का मौका मिलेगा और ये मुकाबला भी उस वक्त होगा, जब ज्यादातर भारतीय फैंस नींद से जग ही रहे होंगे. भारत की एकमात्र दावेदारी टेकबॉल खेल में होगी. इसमें महिलाओं के सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल में भारत की क्विमसी डिसूजा कोर्ट पर उतरेंगी. क्विमसी के पास ये मैच जीतकर भारत के लिए पहला मेडल पक्का करने का अच्छा मौका है. ये मैच भारतीय समय के हिसाब सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा.
पहले दिन ओपनिंग सेरेमनी पर नजर
मगर पहले दिन का असली आकर्षण तो एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी ही होगी. आइची-नागोया के पालोमा मिजूहो स्टेडियम इस बार ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन होगा, जिसके साथ ही गेम्स का उद्घाटन होगा. ये सेरमनी करीब 2 घंटे चलेगी. इस दौरान सभी 45 देशों के एथलीट मैदान पर उतरकर अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे. भारत की ओर से शूटर मनु भाकर और गोला फेंक एथलीट तजिंदर तूर झंडा बरदार होंगे. ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत भारत में शाम 4:30 बजे होगी और ये 6:30 बजे तक चलेगी.
कहां देख सकते हैं ओपनिंग सेरेमनी और मैच?
अब सवाल है कि ये मुकाबला और ओपनिंग सेरेमनी कहां देख सकते हैं? कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक गेम्स की ही तरह भारत में एशियन गेम्स के प्रसारण का अधिकार भी सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है. इसलिए टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स (Sony Sports) के अलग-अलग चैनल पर एशियन गेम्स का आनंद लिया जा सकता है. जहां तक इंटरनेट की बात है तो इसके लिए Sony Liv प्लेटफॉर्म पर गेम्स की Live Streaming होगी.