एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम की सुविधाओं को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आपत्ति जताई है।
बोर्ड ने साफ किया है कि क्रिकेटरों को एक कमरे में साझा करने की व्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी।एशियन गेम्स में क्रिकेट मुकाबले जापान के आइची-नागोया में होने हैं। इससे पहले खिलाड़ियों के होटल, यात्रा और मैच स्थल की सुविधाओं को लेकर कई क्रिकेट बोर्डों ने सवाल उठाए थे।
कमरे में शेयरिंग को लेकर BCCI नाराज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयोजन से जुड़ी शुरुआती व्यवस्थाओं में दो खिलाड़ियों को एक कमरे में ठहराने की बात सामने आई थी। BCCI ने इसका विरोध करते हुए भारतीय खिलाड़ियों के लिए अलग कमरों की मांग रखी है। बोर्ड का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम और निजी जगह मिलनी चाहिए।
सुविधाओं को लेकर पहले भी उठे थे सवाल
इससे पहले क्रिकेट टीमों के लिए ड्रेसिंग रूम, यात्रा व्यवस्था और होटल सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठे थे। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सुविधाएं उम्मीद के मुताबिक नहीं हैं, जिसके बाद BCCI ने स्थिति की समीक्षा की।
BCCI ने दिया भरोसा
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि बोर्ड खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देगा। अगर जरूरत पड़ी तो BCCI अपने स्तर पर बेहतर व्यवस्था करने के लिए तैयार है।
भारत उतारेगा मजबूत टीम
भारत एशियन गेम्स में क्रिकेट का डिफेंडिंग चैंपियन है। पिछली बार भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता था। इस बार भी BCCI ने मजबूत टीम भेजने की तैयारी की है।