Asian Games 2026, IND vs PAK Final: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट इवेंट का खिताबी मुकाबला शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है. दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के फाइनल में पहुंचते ही मैदान पर चौके-छक्कों की जंग से ज्यादा चर्चा इस बात की होने लगी है कि क्या मेडल सेरेमनी के दौरान एक बार फिर कोई विवाद देखने को मिलेगा.
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के हेड मोहसिन नकवी मेडल सेरेमनी में मेडल देने मंच पर आते हैं, तो क्या टीम इंडिया उनका एक बार फिर बायकॉट करेगी? इस पर अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है.
भारत-PAK फाइनल से पहले टला बड़ा विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के हेड और पाकिस्तान सरकार के गृह मंत्री मोहसिन नकवी शनिवार को होने वाले इस फाइनल मुकाबले के लिए नागोया में मौजूद नहीं रहेंगे. पिछले कुछ समय से भारतीय टीम की ओर अपनाए गए सख्त रुख के बाद यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि एशियन गेम्स जैसे ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के मल्टी-स्पोर्ट्स मंच पर भी टीम इंडिया अपनी नीति पर अडिग रहेगी.
अगर नकवी पोडियम पर आते और भारतीय खिलाड़ी उनसे मेडल लेने से इनकार करते, तो यह इंटरनेशनल लेवल पर एक बड़ा विवाद बन जाता. अब उनके इस मैच से दूरी बनाने की खबर सामने आने के बाद यह तय हो गया है कि प्रेजेंटेशन सेरेमनी बिना किसी विवाद के खत्म हो सकेगी.
एशिया कप में दो बार मंच पर ही हुए नकवी की बेइज्जती
भारतीय क्रिकेट टीमों की ओर से मोहसिन नकवी से दूरी बनाने का इतिहास पिछले टूर्नामेंट्स में साफ दिखाई दिया है. पुरुष एशिया कप 2025 के दौरान भारतीय टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया था. जिसके चलते टीम इंडिया को अभी तक एशिया कप का खिताब नहीं मिला है.
वहीं, इसी साल खेले गए महिला एशिया कप के दौरान भी बड़ा ड्रामा देखने को मिला था. प्रेजेंटेशन सेरेमनी में मोहसिन नकवी मंच पर ट्रॉफी देने के लिए खड़े रह गए, लेकिन भारतीय कप्तान और खिलाड़ियों ने उनके हाथ से अवॉर्ड लेने से परहेज किया. इसके चलते आयोजकों को सिर्फ उपविजेता टीम को मेडल देकर आनन-फानन में सेरेमनी खत्म करनी पड़ी थी.