Asian Games 2026: निशिन (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान को मात देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। मुकाबले के बाद टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष ने जापान में बिताए समय, टूर्नामेंट के माहौल और भारतीय प्रशंसकों के समर्थन को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
ऋचा घोष के मुताबिक, भारतीय टीम को जापान में रहने के दौरान अब तक किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है। उन्होंने एशियन गेम्स को खिलाड़ियों के लिए अलग तरह का अनुभव बताते हुए कहा कि एक ही आयोजन में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी मौजूद रहते हैं, जिससे उन्हें एक-दूसरे से मिलने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है। उन्होंने भारतीय प्रशंसकों के उत्साह की भी सराहना की। ऋचा ने कहा कि टीम जहां भी खेलती है, भारतीय फैंस वहां पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हैं। उनके मुताबिक, दर्शकों का इस तरह समर्थन करने के लिए स्टेडियम पहुंचना खिलाड़ियों के लिए खास अनुभव है।
जापान की अपनी पहली यात्रा को लेकर ऋचा ने बताया कि वह इस दौरे का आनंद ले रही हैं। उन्होंने वहां के मौसम का भी जिक्र किया और कहा कि कुछ दिन पहले बारिश हुई थी, लेकिन मैच के दौरान मौसम साफ रहा। अब वह क्रिकेट के साथ जापान घूमने का भी आनंद लेना चाहती हैं।
सेमीफाइनल में बांग्लादेश से मुकाबला
जापान के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम का सामना अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगा। आगामी मुकाबले की तैयारियों को लेकर ऋचा घोष ने कहा कि टीम पहले भी एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में खेल चुकी है, इसलिए खिलाड़ियों के लिए यह परिस्थितियां नई नहीं हैं। उन्होंने कहा कि टीम अपनी क्षमताओं और मजबूत पक्षों से अच्छी तरह परिचित है। इसलिए किसी प्रतिद्वंद्वी के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय खिलाड़ियों का ध्यान मैच के दिन अपनी रणनीति और प्रदर्शन पर केंद्रित रहेगा। भारतीय टीम अब बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अपने प्रदर्शन के जरिए फाइनल की ओर कदम बढ़ाने की कोशिश करेगी।