आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत विस्फोटक अंदाज में करने वाली पंजाब किंग्स अचानक बेपटरी हो गई और अब बाहर होने की कगार पर खड़ी है. टीम का प्रदर्शन जितनी बुरी तरह गिरा है, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है. संयोग से टीम की हार के इस सिलसिले के बीच ही कुछ खिलाड़ियों बसे जुड़े विवाद सामने आये हैं, जिन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी हैं.खास तौर पर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी सोशल मीडिया गतिविधियों के कारण विवादों के केंद्र में रहे हैं. अब एक बार फिर वो अपने विवादित वीडियो के कारण आलोचना का सामना कर रहे हैं.
प्लेऑफ में जगह बनाने से चूकने के करीब नजर आ रही पंजाब किंग्स का आखिरी मैच शनिवार 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स से है. टीम के लिए ये मैच हर हाल में जीतना जरूरी है. मगर इस मैच से ठीक पहले अर्शदीप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वो अपने ही एक टीममेट का मजाक उड़ाते हुए दिख रहे हैं. ये टीममेट है विस्फोटक युवा ओपनर प्रियांश आर्या.
अर्शदीप ने उड़ाया प्रियांश का मजाक
अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अक्सर ड्रेसिंग रूम, टीम होटल या टीम बस की वीडियो शेयर करने वाले अर्शदीप ने ऐसा ही एक वीडियो हाल ही में पोस्ट किया था. इस वीडियो में दिख रहा है कि टीम बस में सबसे पीछे प्रियांश बैठे हैं, उनके बगल में हरप्रीत बराड़ हैं, जबकि अर्शदीप रिकॉर्डिंग कर रहे हैं. इसमें दोनों ही खिलाड़ी प्रियांश को मजाक-मजाक में छेड़ रहे हैं.
Another gem by lowlife bully Arshdeep Singh. This time he throws his own team-mate under the bus in the name of Joke & Fun.
Take a look at this video. He thrives on other peoples vulnerabilities. He is making fun of Priyansh Aryas insecurities about his teeth (he has gaps in pic.twitter.com/umHny0B9qF
— Tech-Knight ® (@TechWiz97) May 21, 2026
फिर प्रियांश की स्माइल पर तंज कसते हुए अर्शदीप कहते हैं कि वो उन्हें मुस्कुराकर अपने दांत दिखाने को कहते हैं. प्रियांश शुरू में हल्का सा मुस्कुराते हैं और फिर अनदेखा कर देते हैं. वहीं बगल में बैठे हरप्रीत बराड़ जोर से सीटी बजाकर हंस रहे हैं. असल में अर्शदीप ऐसा कर प्रियांश का मजाक उड़ाना चाह रहे थे क्योंकि उनके दांतों के बीच गैप नजर आता है.
तिलक पर की थी घटिया टिप्पणी
अर्शदीप का ये वीडियो फैंस को पसंद नहीं आया है और उन्हें जमकर लताड़ पड़ रही है. उनके इस मजाक को इसलिए भी गलत माना जा रहा है क्योंकि वो अपने साथियों के रंग-रूप की खिल्ली उड़ाकर उन्हें अपने लाखों फॉलोअर्स के बीच पोस्ट कर रहे हैं. हैरानी की बात ये है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. इसी वीडियो से कुछ दिन पहले ही उन्होंने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा के रंग का मजाक उड़ाते हुए वीडियो पोस्ट किया था, जिस पर जमकर बवाल मचा था.