Andre Russell: KKR को खली आंद्रे रसेल की कमी, 21 गेंदों का ‘सूखा’ बना हार की वजह

Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders: आईपीएल के 19वें सीजन के दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से हरा दिया. कोलकाता की टीम 220 रन बनाकर भी हार गई और इसकी एक बड़ी वजह रही उसकी पारी की आखिरी 21 गेंदें. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने डेथ ओवर्स की आखिरी 21 गेंदों पर एक भी छक्का नहीं लगाया. रिंकू सिंह और रमनदीप सिंह डेथ ओवर्स में बैटिंग करते रह गए लेकिन वो एक छक्का नहीं लगा सके और नतीजा केकेआर का जो स्कोर 240 से 250 रनों तक पहुंच सकता था वो 220 रनों तक ही सीमित रह गया. केकेआर को कहीं ना कहीं अपने हिटर आंद्रे रसेल की कमी खली जो अब टीम के पावर हिटिंग कोच बन गए हैं.

आखिरी 21 गेंदों में ऐसे पलटा मैच

टी20 क्रिकेट में अगर आपकी टीम का रन रेट काफी अच्छा हो तो उसके बाद मैच फिनिशर्स की जिम्मेदारी होती है कि वो डेथ ओवर्स में बड़े-बड़े शॉट खेलकर स्कोर वहां पहुंचा दे जो विरोधी टीम की पहुंच से ही बाहर हो लेकिन केकेआर की टीम वो ना कर पाई. केकेआर की पारी में कल 10 छक्के लगे लेकिन डेथ ओवर्स की आखिरी 21 गेंदों में एक भी सिक्स नहीं लगा. 16.3 ओवर में अंगकृष रघुवंशी ने आखिरी छक्का लगाया और उसके बाद रिंकू सिंह ने 11 गेंद खेलीं और वो एक भी सिक्स नहीं लगा सके. वैसे रिंकू ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए लेकिन वो अपनी पारी में छक्का नहीं लगा पाए. केकेआर के लिए इन्ही ओवर्स में आंद्रे रसेल आते थे और छक्कों की बारिश करते थे. बस केकेआर को मुंबई के खिलाफ इसी बात की कमी खली.

आंद्रे रसेल की कमी पूरी करना बेहद मुश्किल

रिंकू अच्छे बल्लेबाज हैं लेकिन बतौर फिनिशर आंद्रे रसेल की कमी पूरी करना उनके और रमनदीप सिंह जैसे बल्लेबाजों के लिए मुश्किल है. आंद्रे रसेल ने अपने आईपीएल करियर में चौके कम और छक्के ज्यादा लगाए थे. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि रसेल ने आईपीएल में 223 छक्के मारे और उनके चौके 186 ही हैं. सोचिए डेथ ओवर्स में रसेल का क्या इंपैक्ट था. साथ ही उनका स्ट्राइक रेट भी 174.17 था. केकेआर की टीम पहला मैच हार गई है. टीम के बल्लेबाजों ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन आखिरी 3 ओवरों में ये टीम बड़े शॉट खेलने में नाकाम रही, ये एक बड़ी चिंता का सबब है. आगे जाकर उसे इस कमजोरी पर काम करना होगा, वरना अच्छा खेलने के बावजूद ऐसे ही मैच फिसलते जाएंगे.