AFG vs ZIM: 5 रन पर गिर गए थे 4 विकेट, फिर अजमतु्ल्लाह ओमरजई ने 44 गेंदों में शतक ठोक तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

टी20 मैच में अगर कोई टीम महज 5 रन पर 4 विकेट गंवा दे, तो अच्छे-अच्छों के हाथ-पांव कांप जाते हैं लेकिन अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई ने इसी हालात में ना सिर्फ शतक लगाया, बल्कि उन्होंने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

अजमतुल्लाह ओमरजई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ महज 50 गेंदों में 116 रनों की पारी खेली. उनके बल्ले से 12 छक्के और 5 चौके निकले. 232 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए इस खिलाड़ी ने अपनी टीम को 20 ओवरों में 221 रनों के स्कोर तक पहुंचाया. उनके अलावा इजाज अहमद अहमदजई ने भी 27 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली. वहीं राशिद खान ने सिर्फ 6 गेंदों पर 25 रन बनाए.

अजमतुल्लाह ओमरजई का कमाल

पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने विकेटकीपर रहमनुल्लाह गुरबाज का विकेट दूसरी गेंद पर गंवा दिया, वो खाता नहीं खोल सके. कप्तान इब्राहिम जादरान 1, सेदिकुल्लाह अटल 17 रन बनाकर आउट हो गए. मोहम्मद अकरम और शाहिदुल्लाह कमाल का भी खाता नहीं खुला. इसके बाद ओमरजई ने छठे नंबर पर क्रीज पर कदम रखा और इस खिलाड़ी ने आते ही ताबड़तोड़ पारी खेल सबको चौंका दिया. ओमरजई ने सिर्फ 31 गेंदों में अर्धशतक ठोका और इजाज अहमद के साथ 48 गेंदों में शतकीय साझेदारी कर जिम्बाब्वे को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया. ओमरजई ने महज 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. ये टी20 इंटरनेशनल में उनका पहला शतक भी है.

 

 

अजमतुल्लाह ओमरजई का रिकॉर्ड

इस शतक के साथ ही ओमरजई के नाम एक खास वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया. वो छठे नंबर या उससे नीचे के ऑर्डर पर आकर टी20 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. इससे पहले ये रिकॉर्ड अफगानिस्तान के ही पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी के नाम था, जिन्होंने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 89 रनों की पारी खेली थी. लेकिन अब ये कमाल ओमरजई के नाम दर्ज हो गया है.

Leave a Comment