AFG vs ZIM: अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेली जा रही ट्राई वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान के 25 साल के युवा बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल का बल्ला एक बार फिर आग उगलता नजर आया.
टेस्ट मैच में मैराथन पारी खेलने के बाद लिमिटेड ओवर के फॉर्मेट में भी अपने फॉर्म को जारी रखते हुए अटल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे नंबर पर शानदार शतकीय पारी खेली. उनकी इस 102 रनों की आतिशी पारी और इब्राहिम जादरान के 90 रनों के योगदान की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 294 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
सेदिकुल्लाह अटल ने फिर जड़ा शतक
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. विस्फोटक सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज सिर्फ 25 रन बनाकर आठवें ओवर में पवेलियन लौट गए. इसके बाद क्रीज पर आए सेदिकुल्लाह अटल ने दूसरे सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान के साथ मिलकर पारी को संवारना शुरू किया. जादरान ने 96 गेंदों पर 90 रनों की ठोस पारी खेली, वहीं दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 140 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई. इस मजबूत साझेदारी ने जिम्बाब्वे के शुरुआती दबाव को पूरी तरह बेअसर कर दिया.
दूसरी ओर, अटल ने मैदान के हर कोने में शानदार शॉट्स लगाए. उन्होंने 110 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया. हालांकि, शतक पूरा करने के तुरंत बाद वो सिकंदर रजा की गेंद पर 102 के निजी स्कोर पर आउट हुए. नवंबर 2024 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू करने वाले अटल ने काफी कम समय में अपना तीसरा शतक पूरा कर लिया है. वो अब तक 18 पारियों में 46.33 की शानदार औसत से 834 रन बना चुके हैं, जिसमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं.
जिम्बाब्वे के खिलाफ 86 की औसत
जिम्बाब्वे की गेंदबाजी के खिलाफ अटल का रिकॉर्ड अविश्वसनीय रहा है. जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली 3 पारियों में उन्होंने 86.00 की बेजोड़ औसत से कुल 258 रन बटोरे हैं. इन 3 मुकाबलों में उनके नाम 2 शतक और 1 अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं.