Afghanistan vs Zimbabwe: यूएई में चल रही वनडे ट्राई सीरीज के दूसरे मैच में अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को हरा दिया लेकिन इस मैच के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने कई फैंस को हैरान कर दिया. जिम्बाब्वे की पारी के दौरान उसके ओपनर ब्रायन बेनेट बोल्ड हो गए थे लेकिन अंपायर ने उन्हें नॉट आउट दे दिया.
ये गेंद नो बॉल भी नहीं थी लेकिन बेनेट की शिकायत के बाद उन्हें अंपायर ने नॉट आउट करार दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. आइए आपको बताते हैं कि ऐसा क्यों हुआ?
ब्रायन बेनेट बोल्ड होने के बाद नॉट आउट क्यों
अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज अज़मतउल्लाह उमरज़ई ने 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर बेनेट को कमाल गेंद पर बोल्ड कर दिया और वो जश्न मनाने लगे. लेकिन तभी जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ने अंपायर से शिकायत की. दरअसल अज़मतउल्लाह उमरज़ई जब गेंद फेंक रहे थे तो उससे ठीक पहले उनका तौलिया नीचे गिर गया था. बेनेट ने तुरंत अंपायर को इशारा करके बताया कि तौलिया गिरने से उनका ध्यान भटक गया. अंपायर ने थोड़ी चर्चा के बाद बेनेट को नॉट आउट दे दिया. अंपायर ने इसे डेड बॉल करार दिया. बता दें आईसीसी का नियम है कि अगर गेंदबाज की कोई भी चीज़ गेंदबाजी के दौरान मैदान पर गिरती है तो उसकी गेंद को डेड बॉल करार दिया जाता है. इस फैसले के बाद अफगानिस्तान की टीम काफी निराश दिखी.
बेनेट नहीं खेल पाए बड़ी पारी
हालांकि बेनेट को मिला ये जीवनदान जिम्बाब्वे को कोई फायदा नहीं पहुंचा सका. क्योंकि ये खिलाड़ी 31 रन बनाकर आउट हो गया. इस बार उनका विकेट अल्लाह मोहम्मद गजनफर ने लिया. बेनेट 31 रन पर एलबीडबल्यू आउट हो गए. जिम्बाब्वे ने ये मैच 158 रनों के बड़े अंतर से गंवाया. सेदिकुल्लाह अटल के शानदार शतक के दम पर अफगानिस्तान ने 294 रन बनाए, जवाब में जिम्बाब्वे की टीम महज 38.4 ओवर में 136 रन पर ढेर हो गई. राशिद खान ने कमाल गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 4 विकेट लिए. हालांकि 102 रन बनाने वाले सेदिकुल्लाह अटल को प्लेयर ऑफ द मैच मिला.