Bangladesh vs Pakistan Abrar Ahmed: एक ओर जहां द हंड्रेड में पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद पर काव्या मारन ने पैसों की बरसात कर दी वहीं दूसरी ओर अगले ही दिन इस खिलाड़ी को बड़ा झटका लगा. अबरार अहमद बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में टीम से बाहर हो गए. ढाका के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में कप्तान शाहीन अफरीदी ने अबरार को टीम से बाहर कर हारिस रऊफ को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया. सवाल ये है कि जिस गेंदबाज को बड़ा विकेट-टेकर माना जाता है आखिर उसे पाकिस्तानी टीम ने प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप क्यों कर दिया?
अबरार अहमद को टीम से बाहर करने की वजह
अबरार अहमद पाकिस्तानी टीम के लीड स्पिनर हैं, इसके बावजूद उन्हें इसलिए बाहर कर दिया गया क्योंकि शेरे बांग्ला स्टेडियम की पिच पेस बॉलिंग के लिए अच्छी बताई जा रही है. इस पिच पर पिछले मैच में नाहिद राणा ने पांच विकेट हासिल किए थे. उनकी कहर बरपाती हुई गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की टीम सिर्फ 114 रनों पर ढेर हो गई थी और बांग्लादेश ने महज 91 गेंदों में ये लक्ष्य चेज़ कर लिया था. अबरार अहमद की उस मैच में जबरदस्त पिटाई हुई थी और उन्होंने 3 ओवर में 25 रन लुटा दिए थे. पिच के मिजाज को देखते हुए दूसरे मैच में शाहीन ने अबरार को बाहर कर हारिस रऊफ को मौका दे दिया.
बता दें हारिस रऊफ को द हंड्रेड की ऑक्शन में 2.3 करोड़ रुपये में साइन किया गया है. बड़ी बात ये है कि भारतीय टीम मालिक काव्या मारन ने उनपर दांव लगाया. काव्या सनराइजर्स लीड्स की मालकिन हैं. काव्या के अबरार को खरीदने का मुद्दा सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और सभी उनके बहिष्कार की बातें कर रहे हैं.
पाकिस्तान ने फिर गंवाया टॉस
दूसरे वनडे मैच में पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने टॉस गंवा दिया और बांग्लादेश ने उसे पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया.
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन- साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, शामिल हुसैन, मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा, हुसैन तलात, अब्दुल समद, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद वसीम जूनियर और हारिस रऊफ.
बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन- सैफ हसन, तंजिद हसन तमीम, नजमुल हुसैन शांतो, लिट्टन दास, मेहदी हसन मिराज, तौहिद ह्रदृय, अफीफ हुसैन, तस्किन अहमद, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, नाहिद राणा.