भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने खिलाड़ियों की फिटनेस से जूझना पड़ रहा है. टूर्नामेंट से पहले ही 2 खिलाड़ियों की चोट ने उसे परेशान किया था और अब टूर्नामेंट के बीच स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की बिगड़ी तबीयत ने चिंता बढ़ा दी. नामीबिया के खिलाफ टूर्नामेंट के दूसरे मैच से ठीक पहले अभिषेक को अचानक अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था, जिससे उनके इस मैच में खेलने को लेकर संदेह बना हुआ है. इस मामले में अब टीम को थोड़ी राहत मिली है क्योंकि अभिषेक को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. हालांकि अभी भी उनके खेलने को लेकर स्थिति साफ नहीं है.
गुरुवार 12 फरवरी को टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज का अपना दूसरा मैच खेलने उतरेगी. इस मैच में उसका सामना नामीबिया से होगा. भारतीय टीम ने अपना पहला मैच अमेरिका (USA) के खिलाफ खेला था, जिसमें उसे जीत मिली थी. मगर इसी मैच में अभिषेक बीमार पड़ गए थे, जिसके बाद से ही उनकी तबीयत ने टीम इंडिया की नींद उड़ाई है. इसके चलते वो दूसरे मैच से पहले टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में भी नहीं उतरे थे और फिर उन्हें अचानक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. वो पेट में संक्रमण से जूझ रहे हैं.
(खबर अपडेट हो रही है)