SRH ने अंगकृष रघुवंशी को किया रन आउट, लेकिन कैमरन ग्रीन गए पवेलियन, इस नियम ने सभी को चौंकाया

Cameron Green Run Out: आईपीएल 2026 के छठे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स को 227 रनों का टारगेट दिया. इसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी एक तूफानी शुरुआत की. लेकिन छठे ओवर की आखिरी गेंद पर एक चौंकाने वाली घटना घटी. दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज एहसान मलिंगा ने बॉलिंग एंड पर केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को रन आउट कर दिया. लेकिन अंपायर ने नॉटआउट करार दिया और बैटिंग एंड की ओर जा रहे कैमरन ग्रीन को आउट दिया, जिसने हर किसी को चौंका दिया.

KKR vs SRH मैच में घटी चौंकाने वाली घटना

दरअसल, पारी के छठे ओवर में एहसान मलिंगा गेंदबाजी कर रहे थे. ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने फुल लेंथ गेंद फेंकी. युवा बल्लेबाज आंगकृष रघुवंशी ने इसे ड्राइव करने की कोशिश की. लेकिन गेंद मलिंगा के हाथों में नहीं आ सकी और उनके बूट से टकराकर वापस पिच पर लुढ़क गई. इसी बीच दोनों बल्लेबाजों ने रन लेने की कोशिश की. लेकिन मलिंगा ने तेजी से गेंद उठाई और स्टंप्स उखाड़ दिए. उस समय कैमरन ग्रीन बैटिंग एंड जा रहे थे.

अंपायर ने कैमरन ग्रीन को क्यों दिया आउट?

सबको लगा कि रघुवंशी रन आउट हो गए हैं, क्योंकि वह बॉलिंग एंड की ओर भाग रहे थे और एहसान मलिंगा ने उसी छोर पर आउट किया. लेकिन अंपायर ने जब चेक किया तो हैरानी की बात सामने आई. असल में आउट होने वाले बल्लेबाज रघुवंशी नहीं, बल्कि उनके साथी कैमरन ग्रीन थे. दरअसल, दोनों बल्लेबाज एक दूसरे को क्रॉस नहीं कर पाए थे. क्रिकेट के नियमों के मुताबिक, जब तक बल्लेबाज एक दूसरे को क्रॉस नहीं करते हैं, तब तक वह उसी छोर पर खड़े माने जाते हैं, जहां से वह भागते हैं. जिसके चलते कैमरन ग्रीन को रन आउट करार दिया गया.

यह घटना आईपीएल 2026 में अब तक की सबसे अनोखे रन आउट में से एक बन गई. रघुवंशी को लगा था कि वह आउट हैं, इसलिए वे बाउंड्री की तरफ बढ़ गए थे, लेकिन किस्मत ने साथ दिया और ग्रीन रन आउट हो गए. अंपायर के इस फैसले के बाद हर कोई हैरान रह गया और कैमरन ग्रीन को भी विश्वास नहीं हुआ. लेकिन उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा.