Ravi Bopara Retirement: आईपीएल 2026 में जिस समय पंजाब किंग्स अपना पहला मुकाबला खेल रही थी. गुजरात टाइटंस की चुनौती का सामना कर रही थी. उसी दौरान उसके लिए खेल चुके एक खिलाड़ी ने संन्यास लेने का फैसला किया. उसने काउंटी क्रिकेट में 23 साल के अपने करियर को अलविदा कहने का मन बनाया. हम बात कर रहे हैं रवि बोपारा की, जिन्हें IPL और इंटरनेशनल क्रिकेट से तो दूरी बनाए अब एक दशक बीत चुका है. लेकिन, अब उन्होंने इंग्लैंड में खेली जाने वाली काउंटी क्रिकेट से भी रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है.
23 साल के काउंटी करियर को कहा अलविदा
रवि बोपारा का काउंटी करियर 23 साल का रहा. उन्होंने साल 2003 में काउंटी डेब्यू किया था. बोपारा ने ये कहते हुए अपने संन्यास पर मुहर लगाई को वो इस समर होने वाले T20 ब्लास्ट में हिस्सा नहीं लेंगे. रवि बोपारा के काउंटी करियर की शुरुआत एसेक्स टीम के साथ हुई थी. उन्होंने काउंटी क्रिकेट में 3 टीमों का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें एसेक्स के अलावा ससेक्स और नॉर्थैम्प्टनशर की टीम है.
इंग्लैंड का सेलेक्टर बनने का है ख्याल
रवि बोपारा फिलहाल पाकिस्तान में हैं. वो वहां खेली जा रही T20 लीग PSL में कराची किंग्स फ्रेंचाइजी के हेड कोच हैं. पिछले साल ही 40 की उम्र को छूने वाले बोपारा ने लाहौर से ईएसपीएन क्रिकइंफो को दिए इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने T20 ब्लास्ट में खेलने का ऑफर ठुकरा दिया है. वो अब कमेंट्री करेंगे. बोपारा ने आगे कहा कि वो इंग्लैंड के नए नेशनल सेलेक्टर बनने पर भी विचार कर रहे हैं.
पंजाब किंग्स के लिए खेले 15 मैच
रवि बोपारा लगभग दुनिया भर की सभी T20 लीग में खेल चुके हैं. जिसमें आईपीएल भी शामिल है. IPL में रवि बोपारा- पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद- दो टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने IPL में 24 मैचों में 531 रन बनाए हैं, जिसमें से 15 मैच पंजाब किंग्स के लिए खेले हैं और उसमें 386 रन बनाए हैं. बोपारा ने IPL डेब्यू भी पंजाब किंग्स से किया था. वो IPL के दो सीजन- 2009 और 2010- में प्रीति जिंटा की टीम का हिस्सा थे. जबकि IPL 2015 में उन्होंने SRH की जर्सी पहनी थी.
T20 ब्लास्ट में डेब्यू रहा करियर का बेस्ट पल
काउंटी में T20 ब्लास्ट के 23 सीजन खेलने के बाद अब 24वें सीजन में उन्होंने नहीं खेलने का ऐलान किया है. बोपारा ने T20 ब्लास्ट में डेब्यू को अपने क्रिकेट करियर का बेस्ट पल बताया है. काउंटी क्रिकेट से संन्यास के फैसले के बाद रवि बोपारा का सारा फोकस फिलहाल PSL 2026 में कराची किंग्स को जिताने पर है, जहां पर डेविड वॉर्नर टीम के कप्तान हैं. PSL के बाद वो कमेंट्री और इंग्लैंड के नेशनल सेलेक्टर बनने जैसी अपनी ख्वाहिशों को भी पूरा करते दिख सकते हैं.