IPL में पहली बार पिता और बेटे की टीम आमने-सामने, इस दिन होगा मुकाबला

IPL का इतिहास कई यादगार पलों का गवाह रहा है. मगर इस सीजन जो होता दिखेगा, वैसा पल भारतीय T20 लीग में पहले कभी भी देखने को नहीं मिला है. IPL में पहली बार पिता और बेटे की टीम का आमना-सामना होगा. IPL 2026 का 28 मार्च से आगाज हुआ है. लीग के 19वें सीजन का अभी पहला हाफ खेला जा रहा है. अब सवाल ये है कि इस सीजन बाप-बेटे की टीमें कब आमने-सामने होंगी? कब IPL में वो ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिलेगा?

सचिन की टीम vs अर्जुन की टीम, IPL में पहली बार

सबसे पहले तो ये जानिए कि वो पिता और बेटे हैं कौन? हम बात कर रहे हैं सचिन तेंदुकर और उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर की. IPL 2025 तक तो दोनों मुंबई इंडियंस की टीम से ही जुड़े थे. लेकिन, IPL 2026 में तस्वीर जरा अलग है. इस बार अर्जुन तेंदुलकर, लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं. LSG ने उन्हें IPL 2026 के ऑक्शन में खरीद लिया था. वहीं सचिन तेंदुलकर पहले की ही तरह मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं.

किस दिन होगा पिता और बेटे की टीम का मुकाबला?

IPL 2026 में सचिन और अर्जुन आमने-सामने होंगे जब उनकी टीमें मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स आपस में भिड़ेंगी. लेकिन, ऐसा होगा कब? इसके लिए आपको अप्रैल के खत्म होने का इंतजार करना पड़ेगा. IPL 2026 में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स पहली बार 4 मई को टकराती दिखेंगी. उसी दिन IPL में पहली बार पिता और बेटा भी आमने-सामने होंगे. ये मुकाबला वानखेड़े पर खेला जाएगा.

MI के मेंटॉर हैं सचिन, LSG के खिलाड़ी अर्जुन

सचिन तेंदुलकर, मुंबई इंडियंस के मेंटॉर हैं. वो इस टीम को टिप्स देते हैं. उसकी कमियों के बारे में बताते हैं फिर उसे दुरुस्त करने का उपाय बताते हैं. वहीं उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर LSG के खिलाड़ी हैं. वो बतौर ऑलराउंडर लखनऊ की टीम में हैं. 4 मई को जब लखनऊ की टीम मुंबई इंडियंस की चुनौती का सामना करने उतरेगी, तो संभव है कि अर्जुन तेंदुलकर LSG की प्लेइंग इलेवन में शामिल दिखें.

LSG से डेब्यू करेंगे अर्जुन

अर्जुन तेंदुलकर का इस बार LSG से डेब्यू सीजन होगा. इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 2023 में IPL डेब्यू किया था. उन्होंने MI से 5 IPL मैच खेले हैं, जिसमें 3 विकेट अपने नाम किए हैं.