पीटीआई, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने ऋषभ पंत की नेतृत्वक्षमता की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का कप्तान सुझाव लेने की प्रति खुली सोच रखता है जिससे टीम के अंदर सकारात्मक माहौल पैदा होता है।
एलएसजी के पास मार्श और एडेन मार्करम के रूप में दो अंतरराष्ट्रीय कप्तान हैं। मार्श ने कहा कि बात बस इतनी सी है कि आप अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें, ऋषभ को हर संभव सहयोग दें।
वह एक बेहतरीन युवा खिलाड़ी है जो अपनी टीम का नेतृत्व बखूबी करता है। वह हमेशा फीडबैक और सुझाव लेने के लिए तैयार रहता है और उस पर अमल भी करता है। उन्होंने कहा कि हमारी टीम में कुछ बहुत अच्छे नेतृत्वकर्ता हैं जो काफी महत्व रखते हैं। मेरे लिए जहां जरूरत है वहां योगदान देना महत्वपूर्ण है। मार्श ने कहा कि अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखना और टीम पर सकारात्मक प्रभाव डालना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
टीम के लिए योगदान देना चाहते हैं मार्श
उन्होंने कहा कि मैं अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करूंगा। पिछला साल मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से काफी अच्छा रहा था और तब मैंने निरंतरता बनाए रखी थी। लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं इस टीम पर सकारात्मक प्रभाव कैसे डाल सकता हूं और अधिक से अधिक मैच जीतने में कैसे योगदान दे सकता हूं।