टीम इंडिया में जगह के लिए तरस रहा ‘धुरंधर’ खिलाड़ी का भाई, IPL फाइनल में दो बार पलट चुका है हारी हुई बाजी

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग, एक ऐसा मंच जहां से ना जाने कितने क्रिकेटर्स की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई. उस अनगिनत लिस्ट में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का नाम भी शामिल है.

हार्दिक ने 2015 में मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू किया और उसके बाद से कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. आईपीएल में दमदार प्रदर्शन के तुरंत बाद उनके लिए टीम इंडिया का दरवाजा खुला और तब से लेकर अब तक हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के अहम हथियार हैं.

आईपीएल ने हार्दिक पांड्या की किस्मत को तो चमका दिया, लेकिन उनके भाई क्रुणाल पांड्या के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ. क्रुणाल ने अपने छोटे भाई हार्दिक के एक साल बाद आईपीएल में कदम रखा. उन्हें भी मुंबई इंडियंस ने टीम में शामिल किया और दोनों भाई कई सालों तक इस फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे. आईपीएल में तो क्रुणाल पांड्या हर साल बेहतर होते गए, लेकिन टीम इंडिया के लिए उनकी कहानी हार्दिक से बिल्कुल जुदा रही.

5 साल पहले खेला आखिरी इंटरनेशनल मैच

क्रुणाल पांड्या ने साल 2018 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. उन्होंने इस फॉर्मेट में 19 मुकाबले खेले. बैटिंग में उन्होंने 24.80 की औसत से 124 रन बनाए, जबकि गेंद से 15 विकेट चटकाए. क्रुणाल ने भारत के लिए 5 वनडे मुकाबले भी खेले, लेकिन फिर टीम से बाहर हो गए. 35 साल के क्रुणाल पांड्या ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2021 में खेला था. वो पिछले 5 साल से टीम इंडिया में जगह के लिए तरस रहे हैं.

क्रुणाल पांड्या के नाम है स्पेशल रिकॉर्ड

क्रुणाल पांड्या के नाम आईपीएल में एक ऐसा रिकॉर्ड है, जो टूर्नामेंट के इतिहास में किसी ने नहीं किया है. वो आईपीएल के फाइनल में दो बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं. उन्होंने पहली बार ये कारनामा 2017 में किया था. राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ फाइनल में उन्होंने मुंबई इंडियंस की तरफ से पहले बल्ले से 47 रनों की अहम पारी खेली थी और उसके बाद गेंद से भी किफायती रहे थे.

पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को ट्रॉफी जिताने में भी क्रुणाल ने अहम भूमिका निभाई थी. पंजाब किंग्स के खिलाफ फाइनल में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की. अनुभवी ऑलराउंडर ने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए और डॉट गेंदों का दबाव बनाकर पंजाब के दो बल्लेबाजों (प्रभसिमरन सिंह और जोस इंग्लिस) को आउट किया था.

Leave a Comment