IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत से पहले इंपैक्ट प्लेयर नियम को लेकर चर्चा गरम हो गई है. गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इस नियम पर अपनी नाराजगी जाहिर की है.
अक्षर पटेल के बाद अब गिल भी इस रूल पर सवाल उठाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. उन्होंने कहा कि यह नियम क्रिकेट की असली स्किल और संतुलन को प्रभावित कर रहा है.
शुभमन गिल का बयान
शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट रूप से कहा कि क्रिकेट मूल रूप से 11 खिलाड़ियों का खेल है. उन्होंने जोर देकर कहा, “मेरे हिसाब से क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है. जिस तरह की पिच और मैदान पर हम खेलते हैं, वहां एक अतिरिक्त बल्लेबाज जोड़ने से खेल का संतुलन बिगड़ जाता है और स्किल कम हो जाती है.”
गिल का मानना है कि सीमित बल्लेबाजों के साथ खेलना ही असली चुनौती है. अगर शुरुआती विकेट जल्दी गिर जाएं तो टीम को संभालना और स्कोर बनाना खिलाड़ियों की सच्ची परीक्षा होती है. इंपैक्ट प्लेयर नियम की वजह से खेल आसान हो रहा है और एकतरफा बनता जा रहा है. उन्होंने कहा कि कठिन पिच पर 160-180 रनों का पीछा करना ज्यादा रोमांचक होता है, जबकि फ्लैट पिच पर बड़ा स्कोर बनाना उतना मुश्किल नहीं रह जाता.
अन्य कप्तानों की भी चिंता
शुभमन गिल से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने भी इस नियम पर आपत्ति जताई थी. मुंबई में हुई आईपीएल कप्तानों की बैठक में कई कप्तानों ने बीसीसीआई के सामने अपनी चिंताए रखी. रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी भी पहले इस मुद्दे पर अपनी राय दे चुके हैं.
बीसीसीआई का फैसला
बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि इंपैक्ट प्लेयर नियम 2027 तक जारी रहेगा. कप्तानों की बैठक में इस पर चर्चा हुई, लेकिन बोर्ड ने अभी इसे बदलने से इनकार कर दिया है. गिल ने माना कि यह नियम दर्शकों के लिए मनोरंजन बढ़ा सकता है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से उन्हें यह पसंद नहीं है. उन्होंने कहा, “हमने कप्तानों की बैठक में इस बारे में बात की. यह नियम 2027 तक रहेगा, लेकिन मुझे व्यक्तिगत तौर पर यह ज्यादा पसंद नहीं.”
इंपैक्ट प्लेयर नियम क्या है?
इस नियम के तहत दोनों टीमों को प्लेइंग इलेवन के अलावा 5-5 सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों के नाम देने होते हैं. मैच के दौरान इनमें से किसी एक को इंपैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा जा सकता है. यह खिलाड़ी बल्लेबाजी या गेंदबाजी दोनों कर सकता है, लेकिन जिसकी जगह वह आता है, वह खिलाड़ी मैच से बाहर हो जाता है और वापस नहीं आ सकता.