Rinku Singh: IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। KKR फ्रेंचाइजी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने आगामी सीजन के लिए रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है।
KKR ने एक अहम इवेंट ‘नाइट्स अनप्लग्ड (Knights Unplugged 3.0) के दौरान यह घोषणा की। KKR ने एक्स पर भी रिंकू सिंह को उपकप्तान बनाए जाने का ऐलान किया।
रिंकू सिंह पिछले कुछ सालों से KKR के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर उन्होंने कई मैचों में टीम को जीत दिलाई है। 28 साल के इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट और IPL में अपने प्रदर्शन से लीडरशिप क्वालिटी भी साबित की है।
IPL 2026 की तैयारियों में जुटे रिंकू सिंह
KKR के CEO वेंकी मैसूर ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी की ओर से हम बेहद खुश हैं कि रिंकू सिंह टीम के उपकप्तान होंगे। रिंकू 2018 से KKR के साथ जुड़े हुए हैं और तब से लगातार टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उपकप्तान की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब रिंकू सिंह कप्तान के साथ मिलकर टीम की रणनीति में बड़ी भूमिका निभाएंगे। माना जा रहा है कि यह फैसला KKR के भविष्य की योजना का हिस्सा है, जहां युवा और भरोसेमंद खिलाड़ियों को नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। IPL 2026 में KKR एक बार फिर खिताब की दावेदारी पेश करेगी और ऐसे में रिंकू सिंह की नई भूमिका टीम के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है।
गौरतलब है कि रिंकू सिंह अपने पहले IPL सीजन से ही KKR की टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने 2018 में IPL डेब्यू किया था। IPL में वह 1099 रन बना चुके हैं, जिसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 145 से ज्यादा का रहा है।
IPL 2026 के लिए KKR का स्क्वाड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, मनीष पांडे, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह (उपकप्तान), रोवमैन पॉवेल, सुनील नरेन, उमरान मलिक, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, कैमरून ग्रीन, फिन ऐलन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजरबानी।