IPL 2026 से पहले RCB फ्रेंचाइजी को लेकर बड़ी खबर आई है। राजस्थान रॉयल्स की रिकॉर्ड डील के बाद अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लेकर भी एक ऐतिहासिक डील सामने आई है, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, RCB को आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले समूह ने करीब 16706 करोड़ रुपये (1.78 बिलियन डॉलर) में खरीद लिया है। इस समूह में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की प्राइवेट इक्विटी यूनिट भी शामिल है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ग्रुप ने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के साथ डील कर RCB की 100% हिस्सेदारी हासिल कर ली है। खास बात यह है कि इस सौदे में RCB की पुरुष और महिल दोनों टीमें शामिल हैं, जो फिलहाल IPL और WPL की मौजूदा चैंपियन हैं। इस डील के साथ ही RCB अब T20 क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है। इससे पहले हाल ही में राजस्थान रॉयल्स को करीब 15300 करोड़ रुपये में बेचा गया था, लेकिन RCB ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
चेयरमैन और वाइस-चेयरमैन का हुआ खुलासा
नई डील के साथ ही नेतृत्व की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। आर्यमन विक्रम बिड़ला को चेयरमैन बनाया जाएगा, जबकि टाइम्स इंटरनेट के चेयरमैन सत्यन गजवानी वाइस-चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा डेविड ब्लिट्जर और विरल पटेल भी निवेशक समूह का हिस्सा हैं। कुमार मंगलम बिड़ला ने इस मौके पर कहा कि पिछले दो दशकों में IPL एक ग्लोबल स्पोर्टिंग पावरहाउस बन चुका है, जिसने भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदल दी है। RCB जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी हमें ग्लोबल स्पोर्ट्स में अपनी पहचान और मजबूत करने का शानदार मौका देती है। हम इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
BCCI की मंजूरी का इंतजार
हालांकि, इस बड़ी डील को अंतिम रूप मिलने के लिए अभी BCCI और CCI से मंजूरी मिलना बाकी है। अगर यह डील पूरी तरह से मंजूर हो जाती है, तो IPL 2026 से पहले RCB एक नई पहचान और नए मालिकों के साथ मैदान में उतरती नजर आएगी। इतना तय है कि IPL की ब्रांड वैल्यू लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है और दुनिया भर के बड़े निवेशक इसमें दिलचस्पी दिखा रहे हैं।