Rinku Singh Vice-Captain: कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 से पहले बड़ा ऐलान करते हुए रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान बना दिया है. रिंकू सिंह का ये केकेआर के साथ 8वां सीजन है और अब उन्हें ये जिम्मेदारी मिली है. रिंकू सिंह ने आईपीएल में कोलकाता के लिए आईपीएल 2018 में डेब्यू किया था, जिसमें वो 29 रन ही बना पाए थे. अगले सीजन में ये खिलाड़ी 37 ही रन बना पाया और उसके बाद रिंकू एक ही मैच खेले और उन्होंने 11 रन बनाए लेकिन आज ये खिलाड़ी कोलकाता की टीम में बेस्ट फिनिशर है और साथ ही अब उन्हें उपकप्तान बना दिया गया है.
रिंकू सिंह का आईपीएल करियर
रिंकू सिंह ने आईपीएल में 51 पारियों में 1099 रन बनाए हैं. उनकी बैटिंग एवरेज 30.52 है और उनका स्ट्राइक रेट 145 से ज्यादा का है. रिंकू ने अबतक 4 अर्धशतक लगाए हैं. ये खिलाड़ी आईपीएल में 56 छक्के और 87 चौके लगा चुका है. रिंकू लंबे समय से केकेआर के साथ हैं और वो यहां के माहौल से अच्छी तरह वाकिफ हैं. यही वजह है कि केकेआर ने रिंकू को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.
रिंकू सिंह के सामने चुनौती
रिंकू सिंह को केकेआर की उपकप्तानी ऐसे वक्त में मिली है जब उनका समय काफी मुश्किल चल रहा है. हाल ही में उन्होंने अपने पिता को खोया है जो कैंसर से पीड़ित थे. इसके साथ-साथ उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में काफी खराब प्रदर्शन किया. इस खिलाड़ी ने 5 मैचों में 23 ही रन बनाए. साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद टीम इंडिया ने उन्हें प्लेइंग इलेवन से हटा दिया और वर्ल्ड कप फाइनल में भी वो नहीं खेले. टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप जीता लेकिन रिंकू बेंच पर ही बैठे रहे. रिंकू सिंह फिलहाल फॉर्म में नहीं हैं लेकिन कोलकाता ने उनपर भरोसा दिखाया है. ऐसे में रिंकू सिंह पर अब दबाव होगा कि वो इस जिम्मेदारी के साथ-साथ बड़े रन भी बनाएं.