IPL 2026 RR Preview: सावधान! आ रहे हैं राजस्थान रॉयल्स के धुरंधर, क्या खत्म होगा 18 साल का सूखा?

IPL 2026 RR Preview: आईपीएल के 19वें सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपनी कमर कस ली है। साल 2008 यानी पहला सीजन का खिताब जीतने के बाद से टीम को अपनी दूसरी ट्रॉफी का इंतजार है।

इस बार रॉयल्स ने अपनी टीम में बड़े बदलाव किए हैं। राजस्थान ने कप्तानी की जिम्मेदारी भी युवा रियान पराग को सौंपकर एक बड़ा दांव खेला है।

रवींद्र जडेजा की घर वापसी से मिलेगा फायदा (IPL 2026 RR Preview)

इस सीजन की सबसे बड़ी खबर रवींद्र जडेजा की घर वापसी है। 12 साल तक चेन्नई सुपर किंग्स का साथ निभाने के बाद जडेजा एक बार फिर उसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते नजर आएंगे, जहां से उन्होंने 2008 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। राजस्थान रॉयल्स ने इस बार युवा जोश पर भरोसा जताते हुए रियान पराग को कप्तान नियुक्त किया है।

ऑक्शन में गेंदबाजों पर लुटाया पैसा

टीम अपने शुरुआती घरेलू मैच जयपुर के बजाय पराग के होम ग्राउंड यानी गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में खेलेगी। असम के दर्शकों के बीच रियान पराग की कप्तानी टीम को एक अलग मानसिक मजबूती दे सकती है। आईपीएल 2026 की मिनी ऑक्शन में रॉयल्स ने बेहद स्पष्ट रणनीति अपनाई। उन्होंने अपनी टीम को संतुलित करने के लिए कुल 9 खिलाड़ी खरीदे, जिनमें से 7 गेंदबाज हैं।

 पहले से भी मजबूत हुई राजस्थान

टीम मैनेजमेंट और हेड कोच कुमार संगकारा का मानना है कि बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और शिमरोन हेटमायर जैसे दिग्गजों के होने से टीम पहले ही मजबूत है, इसलिए सारा ध्यान गेंदबाजी को धार देने पर रहा। रवींद्र जडेजा के आने से टीम का संतुलन पूरी तरह बदल गया है। जडेजा न केवल स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई का साथ देंगे, बल्कि निचले क्रम में फिनिशर की भूमिका भी निभाएंगे। उनके साथ इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन की मौजूदगी राजस्थान को टूर्नामेंट की सबसे संतुलित टीमों में से एक बनाती है।

 

30 मार्च को चेन्नई से भिड़ंत

राजस्थान रॉयल्स अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद 4 अप्रैल को गुजरात, 7 अप्रैल को मुंबई और 10 अप्रैल को बेंगलुरु के साथ उनके मुकाबले होंगे।

Leave a Comment