Irfan Pathan CSK Team for IPL 2026: आईपीएल का 19वां सीजन शुरू होने को है. ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि हर टीम के लिए उसकी बेस्ट टीम, उसका बेस्ट कॉम्बिनेशन क्या हो, जिसे मैदान पर उतारा जाए? चेन्नई सुपर किंग्स के केस में इस सवाल को जवाब मिला है, वो हैरान करने वाला है. CSK की प्लेइंग इलेवन नहीं बल्कि बेस्ट 12 चुनी गई. मगर उसमें एमएस धोनी का नाम नदारद है. भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने ये CSK की बेस्ट 12 टीम चुनी है.
सैमसन-म्हात्रे को बनाया ओपनर, ये रहे टॉप 5
इरफान पठान ने अपने यू ट्यूब चैनल पर IPL 2026 के लिए CSK की बेस्ट 12 टीम पर मुहर लगाई है. 20 मार्च को किए प्रोग्राम में इरफान पठान ने CSK के ओपनर के तौर पर संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे को टीम में जगह दी है. उन्होंने नंबर 3 पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को जगह दी है. जबकि चौथे और 5वें नंबर पर शिवम दुबे और डिवाल्ड ब्रेविस को रखा है.
नंबर 6 पर धोनी की जगह सरफराज खान क्यों?
इरफान पठान ने छठे नंबर की पोजिशन को लेकर कहा कि इस जगह पर अब सरफराज खान फिट हैं. उन्होंने इस पोजिशन पर धोनी को सरफराज से रिप्लेस करते हुए कहा कि पिछले दो सीजन से धोनी सिर्फ फाइनल 2 ओवर में बल्लेबाजी करने मैदान पर आ रहे हैं. ये फैंस को रोमांचित करने के लिए तो अच्छा है मगर फ्रेंचाइजी के लिए सही नहीं है. उन्होंने कहा कि धोनी को कम से कम 4 ओवर खेलना चाहिए.
इरफान पठान ने आगे कहा कि अगर धोनी खेल रहे हैं और वो लगातार खेलेंगे तो अच्छा है. ये फ्रेंचाइजी के हित में होगा. लेकिन, ऐसा नहीं होने पर कई सवाल हैं. उन्होंने कहा कि हर महान खिलाड़ी के लिए एक वक्त आता है जब उसे खेल को छोड़ना पड़ता है. इरफान पठान के मुताबिक धोनी को अब CSK की टीम को बनाने पर फोकस करना चाहिए. इससे ज्यादा बल्लेबाजों को मौके मिलेंगे. हालांकि, उन्होंने ये भी साफ किया कि अगर धोनी खेले तो फिर सरफराज को CSK से अपने IPL डेब्यू का इंतजार करना पड़ेगा.
इरफान पठान ने बेस्ट 12 में इन्हें भी चुना
इरफान पठान ने CSK की बेस्ट 12 टीम में नंबर 7 पर कार्तिक शर्मा और नंबर 8 पर प्रशांत वीर को रखा है. गेंदबाजी डिपार्टमेंट में उन्होंने अकील हुसैन और नूर अहमद को दो स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर टीम में जगह दी है. उन्होंने न्यूजीलैंड के पेसर मैट हेनरी को भी टीम में रखा है. जबकि इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में खलील अहमद को जगह दी है.