IPL 2026 injury updates ALL ruled out Players: 8 दिन बाद इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज होगा. इससे पहले एक-दो नहीं बल्कि आधा दर्जन खिलाड़ियों के चोटिल और उपलब्ध नहीं होने की खबरें आई हैं, जिन्होंने टीमों की टेंशन बढ़ा दी है.
मतलब ये कि नए सीजन के आगाज की खुशी की जगह क्रिकेट के गलियारों में ‘इंजरी’ का शोर सुनाई दे रहा है. केकेआर, सीएसके और राजस्थान रॉयल्स के बाद अब सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पर ‘चोट का बम’ फूटा है.
19 मार्च देर रात एक खबर आई कि ऑस्ट्रेलिया के उभरते हुए सितारे जैक एडवर्ड्स आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं. यह वही खिलाड़ी है, जिसे नीलामी में बेस प्राइस से 16 गुना ज्यादा कीमत पर हैदराबाद ने खरीदा था. उनका बेस प्राइस 50 लाख था, लेकिन बोली 3 करोड़ तक लगी थी. जैक के पास गेंद और बल्ले से मैच जिताने की क्षमता है. वह पहली बार इस बड़ी टी20 लीग में खेलने वाले थे, लेकिन इस बार उनका यह सपना टूट गया है. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 साल का यह ऑस्ट्रेलियाई पेसर फिलहाल चोटिल है और टूर्नामेंट के लिए फिट नहीं हो पाएगा.
अकेले एडवर्ड्स ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं, जो पूरे सीजन से बाहर हुए हैं. अब तक 4 तेज गेंदबाज 19वें सीजन से बाहर हो चुके हैं, जबकि पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, लॉकी फर्ग्यूसन और मथीशा पथिराना जैसे दिग्गज शुरुआती मुकाबलों में नजर नहीं आएंगे.
19 मार्च को ये 3 तेज गेंदबाज हुए बाहर
19 मार्च को ही एडवर्ड्स समेत 3 तेज गेंदबाजों के बाहर होने की खबर आई है. पहला नाम जैक एडवर्ड्स का है. दूसरा चेन्नई सुपर किंग्स के नाथन एलिस का और तीसरा राजस्थान रॉयल्स के सैम कुरेन हैं, जो चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं.
हर्षित राणा का खेलना मुश्किल, पथिराना ने बढ़ाई टेंशन
पिछले दिनों केकेआर के स्टार गेंदबाज हर्षित राणा को लेकर खबर आई थी कि घुटने की सर्जरी से पूरी तरह रिकवरी नहीं होने के चलते उनका पूरे सीजन खेलना मुश्किल है. इतना ही नहीं, केकेआर ने जिन मथीशा पथिराना को 18 करोड़ में खरीदा था, वह भी फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं. टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चोटिल हुए थे. अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह खेलने आएंगे या नहीं.
कमिंस और हेजलवुड मिस करेंगे शुरुआती मैच
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण शुरुआती 2-3 मैचों से बाहर रह सकते हैं, जबकि आरसीबी के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड एचिलीस और हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते शुरुआती मैच मिस करेंगे.
लॉकी फर्ग्यूसन शुरुआती मैच क्यों मिस करेंगे?
लॉकी फर्ग्यूसन आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले हैं, लेकिन वह शुरुआती मैच मिस करेंगे, क्योंकि हाल ही में उनके घर बेटे का जन्म हुआ है और वह कुछ समय परिवार के साथ बिताना चाहते हैं. इसकी जानकारी उन्होंने खुद दी है.